जब एक वोट से गिर गई थी वाजपेयी सरकार, तब साथ आई थी DMK; क्या अब फिर NDA में शामिल होंगे स्टालिन?
DMK to Join NDA: डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का ऐलान किया है। कांग्रेस से बढ़ती दूरी के बीच क्या डीएमके फिर एनडीए में शामिल होगी? जानिए वाजपेयी सरकार से लेकर अब तक का पूरा सियासी समीकरण।
Image Source- Social Media
DMK to Join NDA: संसद में 132वां संविधान संशोधन विधेयक पास कराने की कोशिश में एनडीए को एक बड़ी राजनीतिक कामयाबी मिल सकती है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने परिसीमन विधेयक (Delimitation Bill) का समर्थन करने का ऐलान कर दिया है। डीएमके के इस रुख से संसद में विधेयक के समर्थन का आंकड़ा बढ़ सकता है। खास बात यह है कि कभी कांग्रेस के साथ खड़ी रहने वाली डीएमके अब इंडिया गठबंधन (INDIA Alliance) से दूरी बनाकर चल रही है।
स्टालिन ने शनिवार को साफ कर दिया कि उनकी पार्टी की ओर से रखी गई दो प्रमुख शर्तें मान ली गई हैं। उन्होंने इसे तमिलनाडु की बड़ी जीत बताया है। डीएमके के लोकसभा में 22 सांसद हैं। ऐसे में अगर पार्टी विधेयक के समर्थन में वोट करती है तो एनडीए को दो तिहाई बहुमत के आंकड़े के करीब पहुंचने में मदद मिल सकती है। वहीं, आठ सांसदों वाली एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के भी इस विधेयक का समर्थन करने की संभावना जताई जा रही है।
DMK के समर्थन से बदल सकता है संसद का गणित
132वें संविधान संशोधन विधेयक को लेकर संसद में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। एनडीए के लिए डीएमके का समर्थन इसलिए अहम माना जा रहा है, क्योंकि लोकसभा में उसके 22 सांसद हैं। स्टालिन के ऐलान के बाद विधेयक के समर्थन में नए समीकरण बनते दिखाई दे रहे हैं।
इससे पहले अप्रैल में 131वां संविधान संशोधन विधेयक पेश किया गया था, लेकिन यह लोकसभा में पास नहीं हो सका था। उस समय डीएमके ने भी विधेयक के विरोध में मतदान किया था। अब पार्टी का रुख बदलने से इस बार विधेयक को लेकर राजनीतिक परिस्थितियां अलग हो सकती हैं।
30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र
इस विधेयक पर चर्चा और मतदान के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है। लोकसभा में 30 नवंबर और 1 दिसंबर को बैठक होगी, जबकि राज्यसभा में 2 और 3 दिसंबर को विशेष सत्र की कार्यवाही प्रस्तावित है। ऐसे में सभी राजनीतिक दलों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि विधेयक को लेकर किस पार्टी का रुख क्या रहता है।
क्या इंडिया गठबंधन छोड़कर NDA में जाएगी DMK?
स्टालिन के परिसीमन विधेयक का समर्थन करने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि क्या डीएमके अब एनडीए के करीब जा रही है। पार्टी पहले ही इंडिया गठबंधन से दूरी बना चुकी है। इसकी एक बड़ी वजह तमिलनाडु की राजनीति में कांग्रेस का बदला हुआ रुख है।
दरअसल, तमिलनाडु में टीवीके (TVK) की सरकार बनने के बाद कांग्रेस ने उसे समर्थन दे दिया। कांग्रेस के इस फैसले से डीएमके नाराज हो गई और उसने इंडिया गठबंधन से दूरी बना ली। इसके बाद डीएमके की ओर से कांग्रेस को गद्दार तक कहा जाने लगा।
हालांकि, डीएमके और बीजेपी की विचारधारा में काफी अंतर है। खासकर हिंदुत्व (Hindutva) के मुद्दे पर दोनों पार्टियों का रुख अलग-अलग रहा है। इसके बावजूद अगर डीएमके एनडीए के साथ आती है तो इसे तमिलनाडु की राजनीति में एक बड़े बदलाव के तौर पर देखा जाएगा।
वाजपेयी सरकार का हिस्सा रह चुकी है DMK
डीएमके का एनडीए के साथ जाना कोई नई बात नहीं होगी। साल 1999 में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार के दौरान डीएमके एनडीए का हिस्सा रह चुकी है। उस समय पार्टी के 12 सांसद थे और उसने केंद्र की सरकार में भी भागीदारी की थी।
इससे पहले 1998 में तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के दौरान बीजेपी ने एआईएडीएमके (AIADMK) के साथ गठबंधन किया था। दोनों पार्टियों के गठबंधन को बड़ी जीत मिली थी। उस समय एआईएडीएमके के 18 सांसद थे और लोकसभा में वह एनडीए की दूसरी सबसे बड़ी सहयोगी पार्टी थी।
लेकिन बाद में एआईएडीएमके के समर्थन वापस लेने से वाजपेयी सरकार संकट में आ गई। सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव आया और महज एक वोट से वाजपेयी सरकार गिर गई।
एक वोट से गिरी सरकार
वाजपेयी सरकार गिरने के बाद साल 1999 में लोकसभा चुनाव हुए। इस चुनाव में बीजेपी और डीएमके ने हाथ मिला लिया, जबकि एआईएडीएमके कांग्रेस के साथ चली गई। इस तरह तमिलनाडु की राजनीति में गठबंधन का समीकरण पूरी तरह बदल गया।
इसके बाद 2001 के विधानसभा चुनाव में एआईएडीएमके ने फिर बड़ी जीत हासिल की। वहीं, डीएमके ने 2004 में एक बार फिर कांग्रेस का रुख कर लिया। साल 2014 के लोकसभा चुनाव को छोड़ दें तो डीएमके और कांग्रेस का साथ 2026 तक बना रहा।
2026 के चुनाव ने बदल दिया पूरा खेल
तमिलनाडु के 2026 विधानसभा चुनाव में राजनीतिक समीकरण एक बार फिर बदल गए। इस बार एक नई पार्टी टीवीके ने सरकार बना ली और कांग्रेस ने उसे समर्थन दे दिया। कांग्रेस के इस फैसले से डीएमके और कांग्रेस के बीच दूरी बढ़ गई।
इसके बाद डीएमके ने कांग्रेस पर हमला बोलना शुरू कर दिया। अब स्टालिन की ओर से परिसीमन विधेयक का समर्थन करने के ऐलान ने नई राजनीतिक चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
फिलहाल डीएमके के एनडीए में शामिल होने को लेकर कोई ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन पार्टी का इंडिया गठबंधन से दूर होना और संसद में एनडीए के अहम विधेयक का समर्थन करना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि क्या परिसीमन विधेयक पर साथ आने के बाद बीजेपी और डीएमके के बीच फिर से राजनीतिक दोस्ती होगी, या यह समर्थन सिर्फ विधेयक तक ही सीमित रहेगा।