झारखंड में मौत का तांडव! दो वाहनों की जोरदार टक्कर, 4 बच्चों समेत 13 लोगों की गई जान
Jharkhand Road Accident: झारखंड के रामगढ़ में रांची-पटना हाईवे पर देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ। स्कॉर्पियो और अज्ञात वाहन की टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 4 बच्चे, 4 महिलाएं और 5 पुरुष शामिल हैं।
Image Source- Social Media
Jharkhand Road Accident: झारखंड के रामगढ़ जिले में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने 13 लोगों की जान ले ली। रांची-पटना हाईवे (Ranchi-Patna Highway) पर स्कॉर्पियो और एक अज्ञात वाहन के बीच इतनी जोरदार टक्कर हुई कि गाड़ी में सवार 14 लोगों में से 13 की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में चार बच्चे, चार महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं। हादसे में केवल एक व्यक्ति की जान बची है, लेकिन उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
रात करीब दो बजे हुआ भीषण हादसा
जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात करीब दो बजे रामगढ़ जिले के पैंकी इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-33 (NH-33) पर यह हादसा हुआ। बिहार के नालंदा जिले के जांघारों गांव के रहने वाले 14 लोग स्कॉर्पियो में सवार होकर झारखंड के प्रसिद्ध रजरप्पा मंदिर (Rajrappa Temple) में पूजा-अर्चना करने के लिए जा रहे थे।
इसी दौरान रामगढ़ के पैंकी के पास उनकी स्कॉर्पियो की एक अज्ञात वाहन से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
चार बच्चे और चार महिलाओं की भी गई जान
इस दर्दनाक हादसे में कुल 13 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में चार बच्चे, चार महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं। स्कॉर्पियो में कुल 14 लोग सवार थे। हादसे में बचा एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
गाड़ी की हालत से हादसे की भयावहता का अंदाजा
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गाड़ी की हालत देखकर ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि दोनों वाहनों के बीच भिड़ंत कितनी भयावह रही होगी।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
आधार कार्ड से हो रही मृतकों की पहचान
रामगढ़ के एसडीपीओ आलोक रंजन ने हादसे में 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सभी मृतक बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले थे। घटनास्थल पर मृतकों के पास से मिले आधार कार्ड (Aadhaar Card) के जरिए कुछ लोगों की पहचान की गई है।
एसडीपीओ के मुताबिक, हादसे में घायल एक व्यक्ति का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।