चक्रवात ’मोंथा’ का मंडरा रहा खतरा! लैंडफॉल के बाद हो सकती है ‘तबाही’, जानें कैसे हुआ तूफान का नामकरण

Cyclone Montha Name Origin: आंध्र प्रदेश के तट से 28 अक्टूबर की शाम या फिर रात को तूफान मोंथा के टकराने की संभावना है। तट पर लैंडफॉल के समय तेज हवाएं चलेगीं और भारी बारिश भी होगी।

Update:2025-10-27 15:23 IST

Cyclone Montha

Cyclone Montha Name Origin: बंगाल की खाड़ी में बन रहे नया साइक्लोनिक चक्रवात मोंथा का खतरा तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आंध्र प्रदेश के तट से 28 अक्टूबर की शाम या फिर रात को तूफान मोंथा के टकराने की संभावना है। तट पर लैंडफॉल के समय तेज हवाएं चलेगीं और भारी बारिश भी होगी।

हवा की रफ्तार 110 किमी प्रति घंटा हो सकती है। जिससे काफी तबाही होने की संभावना जतायी जा रही है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र अब डीप डिप्रेशन में बदल चुका है। अगले 24 घंटों में यह डीप डिप्रेशन चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा। तूफान मोंथा का असर सात राज्यों में दिखायी देगा। आइए जानते हैं कि तूफान मोंथा का नाम कैसे पड़ा और इसका क्या अर्थ है।

चक्रवात का नाम मोंथा कैसे पड़ा?

उत्तरी हिंद महासागर क्षेत्र में आने वाले सभी चक्रवातों के नाम क्षेत्र के देशों की ओर से पहले से दी गई सूची में शामिल नाम के आधार पर दिए जाते हैं। क्षेत्र के क्षेत्रों में शामिल थाईलैंड की ओर से दिये गये ‘मोंथा’ नाम पर चक्रवाती तूफान का नामकरण किया गया है। थाईलैंड भी उत्तरी हिंद महासागर क्षेत्र के 13 सदस्य देशों में से एक है। भारत क्षेत्रीय विशिष्ट मौसम विज्ञान केंद्र (आरएसएमसी), नई दिल्ली की तरफ से उत्तरी हिंद महासागर क्षेत्र में चक्रवाती तूफान का नाम रखा जाता है। जिसे विश्व मौसम विज्ञान संगठन (डब्ल्यूएमओ) एशिया और प्रशांत के लिए यूएन आर्थिक और सामाजिक आयोग (ईएससीएपी) की देखरेख में मौसम विज्ञान विभाग चलाता है।

कौन से देश देते हैं चक्रवातों के नाम?

उत्तरी हिंद महासागर क्षेत्र में आने वाले चक्रवातों के नाम देने वाले देशों में भारत, बांग्लादेश, थाईलैंड, यमन, ओमान, पाकिस्तान, मालदीव, म्यांमार, ईरान, कतर, श्रीलंका, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) शामिल हैं। यह 13 देश पहले से चक्रवात के नाम तय करते हैं। इन सभी देशों से मिलाकर 169 नाम बनते हैं। जब कोई नया चक्रवात सक्रिय होता है तो आईएमडी सूची में से अगला नाम चुन लेता है।

क्या है मोंथा का मतलब?

थाई भाषा में ‘मोंथा’ का मतलब खुशबूदार फूल या सुंदर फूल होता है। मौसम विभाग के मुताबिक 28 अक्टूबर को चक्रवात का आंध प्रदेश के काकीनाडा के पास मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच लैंडफॉल हो सकता है। आंध्र प्रदेश के 26 में से 23 जनपदों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साइक्लोन मोंथा तेजी के साथ उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। ओडिशा में भी चक्रवात के असर के कारण 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश होने की संभावना है।

Tags:    

Similar News