लंदन जाना रांची से सस्ता! 700 फ्लाइट कैंसिल होने के बाद बेतहाशा टिकटों के दाम ने मचाया कोहराम

IndiGo flight cancellations crisis: इंडिगो की 700 से अधिक उड़ानों के रद्द होने के बाद घरेलू हवाई किराए आसमान छू गए हैं। दिल्ली-रांची, दिल्ली-कोलकाता जैसी रूट्स पर टिकट अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स से भी महंगी हो गई हैं। यात्रियों में नाराजगी और एयरलाइन की उड़ानों पर भारी मांग के कारण कीमतें बेतहाशा बढ़ीं।

Update:2025-12-06 13:31 IST

IndiGo flight cancellations crisis: इंडिगो की लगातार कैंसिल हो रहीं उड़ानों की समस्या से जूझ रहे लाखों यात्रियों को एक और करारा झटका लगा है हवाई जहाज के टिकटों के दाम आसमान छू गए हैं! आलम यह है कि देश के अंदर रांची या चेन्नई जैसे शहरों में आखिरी समय में जाना, लंदन या न्यूयॉर्क जाने से भी महंगा हो गया है। कई बड़े घरेलू रूट पर एकतरफा हवाई किराया इतना बढ़ गया है कि राजधानी दिल्ली से आखिरी समय में किसी और फ्लाइट का टिकट खरीद पाना कई लोगों के लिए नामुमकिन सा हो गया है। शुक्रवार को, जब इंडिगो की 700 से ज्यादा फ्लाइट कई बड़े एयरपोर्ट पर कैंसिल कर दी गईं, तो अन्य एयरलाइनों ने किरायों में बेतहाशा बढ़ोतरी कर दी। यात्रियों ने इसे 'दोहरी सजा' करार दिया है, पहले कैंसिलेशन की मार और फिर बेतहाशा किराए की चोट।

एकतरफा टिकटों की चौंकाने वाली कीमतें

इंडिगो द्वारा दिल्ली और चेन्नई से अपनी सभी घरेलू फ्लाइट आधी रात तक रोकने के बाद मांग अचानक दूसरी एयरलाइनों की ओर बढ़ गई। इस संकट का फायदा उठाते हुए किरायों को अकल्पनीय स्तर तक बढ़ा दिया गया।

नई दिल्ली-चेन्नई: एकतरफा टिकट ₹65,985 तक पहुंच गया।

नई दिल्ली-मुंबई: सबसे व्यस्त रूट में से एक का किराया ₹38,676 तक पहुंचा।

दिल्ली-कोलकाता: जहां सीटें बहुत कम बची थीं, किराया ₹38,699 को पार कर गया।

ट्रैवल प्लेटफॉर्म्स ने 5 और 6 दिसंबर को आखिरी समय में ऐसी चौंकाने वाली कीमतें दिखाईं कि चेन्नई के लिए कुछ मल्टी-स्टॉप विकल्पों की कीमतें ₹71,000 से भी ज्यादा थीं।

रांची का किराया लंदन से महंगा!

सबसे ज्यादा हैरानी की बात यह है कि देश के घरेलू रूट पर यात्रा करना अब अंतर्राष्ट्रीय यात्रा से महंगा हो गया है। 6 दिसंबर की फ्लाइट की कीमतों पर एक नजर:

दिल्ली-गोवा : ₹63,000 तक

दिल्ली-पटना: ₹40,000 तक

दिल्ली से कोलकाता: ₹70,000 तक

दिल्ली-बेंगलुरु : ₹36,000 तक

दिल्ली से रांची : ₹81,000 तक

दिल्ली से पुणे : ₹53,000 तक

दिल्ली से बेंगलुरु : ₹43,000 तक

मुंबई से जम्मू : ₹63,000 तक

ये कीमत 6 दिसंबर की फ्लाइट की है।

तुलना के तौर पर, 6 दिसंबर के लिए दिल्ली-लंदन की टिकट 25–30 हजार रुपए में मिल रही थी, जबकि दिल्ली-न्यूयॉर्क का हवाई किराया भी करीब 59 हजार रुपए दिखा। यह साफ दिखाता है कि रांची, गोवा और कोलकाता की फ्लाइट टिकटें इन अंतर्राष्ट्रीय गंतव्यों से कहीं ज्यादा महंगी पड़ रही हैं।

नियमों और वास्तविकता के बीच गहरा अंतर

इस संकट के दौरान, हजारों यात्री ट्रेनें पूरी तरह से बुक होने के कारण मजबूरी में महंगे हवाई टिकटों की तलाश में हैं। नागरिक उड्डयन मंत्री ने पहले ही DGCA (नागरिक उड्डयन महानिदेशालय) को हवाई किरायों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया था, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि एयरलाइंस इस संकट का फायदा न उठाएं। लेकिन जैसा कि आज यात्रियों ने महसूस किया, नियमों और वास्तविकता के बीच का अंतर अभी भी बेहद गहरा है।

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो अपनी क्षमता के चरम पर काम कर रही है, और उसकी उड़ानों के रद्द होने से मांग दूसरी एयरलाइनों की ओर बढ़ गई, जिसने किरायों को बेलगाम कर दिया। फंसे हुए यात्री सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं और किसी भी कीमत पर उपलब्ध सीट की तलाश में लगे हुए हैं। हालांकि, एयरलाइनों ने अभी तक ऊंचे किरायों पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

Tags:    

Similar News