Maharashtra Politics: महाराष्ट्र सियासत में भूचाल, करोड़ों के ‘खेला’ में फंसी उद्धव की शिवसेना? इन 6 सांसदों की पाला बदलने की अटकलें तेज
Maharashtra Politics: उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) के कई सांसद पार्टी छोड़कर एकनाथ शिंदे गुट का दामन थाम सकते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार आने वाले दिनों में पार्टी के 9 में से 6 सांसदों के पाला बदलने की संभावना जताई जा रही है।
Uddhav Thackeray
Maharashtra Politics: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। "ऑपरेशन टाइगर" को लेकर सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर जारी है। खबरें हैं कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) के कई सांसद पार्टी छोड़कर एकनाथ शिंदे गुट का दामन थाम सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार आने वाले दिनों में पार्टी के 9 में से 6 सांसदों के पाला बदलने की संभावना जताई जा रही है।
दिल्ली में बढ़ी राजनीतिक गतिविधियां
सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि संभावित रूप से बगावत करने वाले सांसदों में से कई दिल्ली पहुंच चुके हैं। ऐसी अटकलें हैं कि ये सांसद जल्द ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर अपना समर्थन पत्र सौंप सकते हैं। इसी बीच महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के भी दिल्ली पहुंचने की चर्चा है। दूसरी ओर, स्थिति को संभालने और कानूनी रणनीति तैयार करने के लिए शिवसेना (यूबीटी) के कुछ वरिष्ठ नेता भी राजधानी का रुख कर चुके हैं। इससे महाराष्ट्र की राजनीति में असमंजस और बढ़ गया है।
संजय राउत का बड़ा आरोप
राज्यसभा सांसद और शिवसेना (यूबीटी) के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि पार्टी छोड़ने के इच्छुक सांसदों को कथित तौर पर 15 करोड़ रुपये एडवांस देने की पेशकश की गई है। राउत ने सोशल मीडिया पर लिखा कि महाराष्ट्र के सांसदों को दल बदलने के लिए भारी धनराशि का लालच दिया जा रहा है। हालांकि, उनके इस दावे की अब तक स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
किन सांसदों के नाम चर्चा में?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जिन सांसदों के शिंदे गुट में शामिल होने की चर्चा है, उनमें नागेश पाटिल आष्टिकर, संजय जाधव, संजय देशमुख, भाऊसाहेब वाकचुरे और ओमराज निम्बालकर के नाम प्रमुख हैं। छठे सांसद को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। बताया जा रहा है कि इनमें से अधिकांश सांसद हाल ही में उद्धव ठाकरे द्वारा बुलाई गई बैठक में शामिल नहीं हुए थे, जिससे अटकलों को और बल मिला है।
दोनों गुटों के दावे आमने-सामने
शिवसेना के विधान परिषद सदस्य कृपाल तुमाने ने दावा किया है कि सात सांसदों के साथ बातचीत अंतिम चरण में है और मानसून सत्र से पहले वे शिंदे गुट में शामिल हो सकते हैं। वहीं, शिवसेना (यूबीटी) सांसद अनिल देसाई ने इन सभी खबरों को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी के सभी सांसद उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में एकजुट हैं और किसी प्रकार का दबाव नहीं है।