Ketan Agarwal Murder Case: जिस वकील ने कसाब को फांसी दिलाई, वो अब सिया को दिलायेगा सजा! केतन मर्डर केस में बड़ी अपडेट
Ketan Agarwal Murder Case: केतन अग्रवाल मर्डर केस में बड़ा अपडेट! कसाब को फांसी दिलाने वाले मशहूर वकील उज्जवल निकम अब आरोपी मंगेतर सिया गोयल के खिलाफ केस लड़ेंगे।
Ketan Agarwal Murder Case: 26/11 आतंकी हमले में अजमल कसाब जैसे दुर्दांत आतंकी को फांसी के फंदे तक पहुंचाने वाले देश के जाने-माने वरिष्ठ वकील उज्जवल निकम अब एक और अहम मुकदमा लड़ने जा रहे हैं। पुणे के बहुचर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में उन्हें स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर के तौर पर नियुक्त किया गया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इस केस की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में कराने के स्पष्ट आदेश दिए हैं।
हाल ही में मृतक केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिलकर अपना दर्द साझा किया था। इस भावुक मुलाकात के दौरान उन्होंने अपने बेटे के हत्यारों को सख्त सजा दिलाने और मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग रखी थी। इसके अलावा परिवार की यह भी विशेष मांग थी कि इस हाई-प्रोफाइल केस की पैरवी दिग्गज वकील उज्जवल निकम करें।
मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार की पीड़ा को समझते हुए उनकी दोनों मांगों को बिना किसी देरी के स्वीकार कर लिया। उन्होंने कानून और न्याय विभाग के सचिव को इस संबंध में तत्काल कदम उठाने के निर्देश जारी किए। सीएम के निर्देश के बाद उज्जवल निकम ने भी केस लड़ने के लिए अपनी आधिकारिक रजामंदी दे दी है। मुख्यमंत्री ने परिवार को पूरा ढांढस बंधाया है कि न्याय प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी और दोषियों को उनके किए की सजा हर हाल में मिलेगी।
मंगेतर पर है कत्ल का आरोप
केतन अग्रवाल की मौत का यह मामला बेहद चौंकाने वाला और दर्दनाक है। हत्या का सीधा आरोप किसी और पर नहीं, बल्कि उसकी ही मंगेतर सिया गोयल पर लगा है। आरोप के मुताबिक सिया ने लोहागढ़ किले की ऊंचाई से धक्का देकर केतन को मौत के घाट उतार दिया था। अब चूंकि कसाब को फांसी दिलाने वाले देश के सबसे अनुभवी वकीलों में से एक उज्जवल निकम ने इस केस की कमान संभाल ली है, तो केतन के परिवार की न्याय मिलने की उम्मीद काफी बढ़ गई है।