UP Congress New In charge: यूपी कांग्रेस में अचानक बड़ा बदलाव! अविनाश पांडे आउट, राजेंद्र पाल गौतम बने नये प्रभारी

UP Congress New In charge: कांग्रेस ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए राजेंद्र पाल गौतम को उत्तर प्रदेश, संजय दत्त को हरियाणा और लालजी देसाई को ओडिशा का नया प्रभारी नियुक्त किया है।

Update:2026-06-26 21:23 IST

UP Congress New In charge: कांग्रेस ने शुक्रवार को अपने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए तीन राज्यों के प्रभारियों को बदलते हुए नए प्रभारियों की नियुक्ति कर दी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राजेंद्र पाल गौतम को उत्तर प्रदेश, संजय दत्त को हरियाणा और लालजी देसाई को ओडिशा का प्रभारी नियुक्त किया। इसके साथ ही भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) के पूर्व अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. को कांग्रेस के अग्रिम संगठन सेवा दल का मुख्य संगठक नियुक्त किया गया है।

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी प्रेस नोट के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इन नियुक्तियों को स्वीकृति दी है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के प्रभारी अविनाश पांडे की छुट्टी कर दी गई है। राजेंद्र पाल गौतम को अविनाश पांडे की जगह पर उत्तर प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह नियुक्ति सबसे अहम मानी जा रही है क्योंकि यूपी में अगले कुछ ही महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं।

बीके हरिप्रसाद हटाए गए

हाल ही में कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नियुक्त हुए बीके हरिप्रसाद को हरियाणा प्रभारी की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। बीके हरिप्रसाद की जगह हरियाणा का प्रभारी संजय दत्त को बनाया गया है। संजय दत्त अब तक कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव की भूमिका निभा रहे थे।

अजय कुमार लल्लू की छुट्टी

वहीं, अजय कुमार लल्लू को ओडिशा प्रभारी की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है, उनकी जगह लालजी देसाई को ओडिशा का प्रभारी बनाया गया है। श्रीनिवास बीवी को लालजी देसाई की जगह पर सेवा दल का प्रमुख बनाया गया है।

Tags:    

Similar News