दिल्ली की तिहाड़ जेल में गैंगवार, बदमाशों ने कैदी को घोंपा चाकू

Gangwar in Tihar Jail: तिहाड़ जेल में बदमाशों ने कैदियों को चाकू घोंप कर घायल कर दिया है। फिलहाल घायल कैदी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Report :  Aniket Gupta
Update: 2024-06-06 06:57 GMT

Gangwar in Tihar Jail: राजधानी दिल्ली की तिहाड़ जेल में गैंगवार की घटना सामने आई है। दो गिरोहों के बीच हुई लड़ाई में एक कैदी को चाकू घोंपा गया है। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि तिहाड़ जेल में प्रतिद्वंद्वी गिरोहों के सदस्यों के बीच झड़प हुई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोगी और टिल्लू गिरोह के सदस्यों के बीच लड़ाई हुई, जिसमें बदमाशों ने एक कैदी को चाकू घोंपा दिया। घायल कैदी हत्या के मामले में विचाराधीन है। फिलहाल घायल कैदी को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस उपायुक्त ने क्या बताया?

इसको लेकर जेल के एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार की सुबह करीब 11.15 बजे कथित तौर पर गोगी गिरोह के सदस्य हितेश और टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के दो अन्य लोगों के बीच लड़ाई हुई, जिसमें बदमाशों ने कैदी हितेश को बर्फ काटने वाले हथियार से घोंप कर घायल कर दिया। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) विचित्र वीर ने बताया कि हितेश पर हमला करने वालों के नाम गौरव लोहरा और गुरिंदर हैं। अभी तक हमलावरों की पहचान की पुष्टि जांच का विषय है। हितेश को चोटें आईं हैं और उसे डीडीयू अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

पिछले साल भी हुई थी हत्या

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हितेश 2019 से जेल में बंद है, जबकि गौरव और गुरिंदर पर हत्या और हत्या के प्रयास के मामलों में मुकदमा चल रहा है। मामले में आईपीसी की धारा 307 के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे मामले की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि पिछले साल मई महीने में तिहाड़ जेल में गैंगस्टर ताजपुरिया की एक प्रतिद्वंद्वी गिरोह के कई सदस्यों ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी। वहीं अप्रैल महीन में भी जेल नंबर-3 में कैदियों के दो गुट आपस में भिड़ गए थे। कैदियों ने एक दूसरे पर सुए से हमला कर दिया था। इस हमले में चार कैदी घायल हुए थे। इससे पहले तिहाड़ जेल नंबर-1 में एक ने दूसरे कैदी पर चाकू और खपरैल से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। 

Tags:    

Similar News