नागपुर में बड़ा उलटफेर, कांग्रेस के MLC प्रत्याशी वंजारी ने पलटी बाजी, BJP की बढ़ी टेंशन
नागपुर MLC चुनाव की मतगणना में अभिजीत वंजारी और भाजपा के सुधाकर कोहले के बीच कांटे की टक्कर। दूसरी वरीयता के वोटों से बदला मुकाबला, जानें ताजा अपडेट।
Nagpur MLC Election Result 2026: महाराष्ट्र के नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में विधान परिषद चुनाव की मतगणना के बीच बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। कांग्रेस उम्मीदवार अभिजीत वंजारी ने भाजपा प्रत्याशी सुधाकर कोहले के खिलाफ वापसी करते हुए करीब 1,350 वोटों की बढ़त बना ली है। शुरुआती दौर में बढ़त बनाने के बाद भाजपा उम्मीदवार पिछड़ते नजर आ रहे हैं। हालांकि, अंतिम नतीजे की आधिकारिक पुष्टि होने तक मुकाबले को बेहद करीबी माना जा रहा है।
भाजपा की 4 हजार से ज्यादा वोटों की बढ़त हुई खत्म
नागपुर में मतगणना के दौरान मुकाबले ने कई बार करवट ली। पहले दौर में कांग्रेस के अभिजीत वंजारी ने भाजपा के सुधाकर कोहले पर 927 वोटों की बढ़त बनाई थी। इसके बाद दूसरे दौर में कोहले करीब 4,300 वोटों से आगे निकल गए। लेकिन बाद के राउंड में तस्वीर फिर बदल गई और वंजारी ने पिछड़ने के अंतर को खत्म करते हुए बढ़त हासिल कर ली।
नितेश कराले के वोट बने अहम
इस मुकाबले में निर्दलीय उम्मीदवार नितेश कराले भी अहम भूमिका में हैं। उन्हें 24 हजार से अधिक वोट मिले हैं। नागपुर स्नातक सीट पर किसी उम्मीदवार के पहली वरीयता के वोटों से जीत का निर्धारित कोटा पूरा नहीं होने के कारण दूसरी वरीयता के वोटों की गिनती भी निर्णायक बन गई है। इसी वजह से मतगणना लंबी खिंच रही है और उम्मीदवारों की स्थिति लगातार बदल रही है।
अंतिम नतीजे पर टिकी निगाहें
नागपुर को महाराष्ट्र में भाजपा का मजबूत राजनीतिक गढ़ माना जाता है। ऐसे में कांग्रेस उम्मीदवार का वापसी करते हुए बढ़त बनाना भाजपा के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है। हालांकि, 1,350 वोटों की बढ़त के इस ताजा आंकड़े के बीच अंतिम परिणाम की आधिकारिक पुष्टि जरूरी है। दूसरी वरीयता के वोटों की पूरी गिनती और निर्वाचन अधिकारी की घोषणा के बाद ही जीत-हार की तस्वीर साफ होगी।
पीएम मोदी ने उड़ाया था मजाक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चार राज्यों में बैलेट पेपर से हुए विधान परिषद (MLC) चुनावों के नतीजों को लेकर कांग्रेस पर तीखा तंज कसा था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक जैसे चार बड़े राज्यों में 28 सीटों पर MLC चुनाव हुए। चुनाव बैलेट पेपर से हुए। अंदाजा लगाइए, कांग्रेस ने कितनी सीटें जीतीं?” पीएम मोदी का यह कटाक्ष ऐसे समय आया है, जब कांग्रेस समेत विपक्षी दल EVM की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग करते रहे हैं। इन चुनावों में कांग्रेस 12 सीटों पर मैदान में उतरी थी, लेकिन एक भी सीट नहीं जीत की खबर नहीं आ रही थी। लेकिन नागपूर सीट में उलटफेर से कांग्रेस को संजीवनी मिलेगी। कर्नाटक में भी पार्टी को बड़ा झटका लगा, जहां भाजपा-जेडीएस गठबंधन ने चारों सीटों पर जीत दर्ज की।