'घर जाकर अपनी मां से पूछो'... CM विजय पर नैनार नागेंद्रन का तंज, तमिलनाडु में छिड़ा सियासी विवाद
Tamil Nadu BJP Row: तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन की सीएम विजय के पिता को लेकर टिप्पणी पर विवाद बढ़ गया। विजय की मां का जिक्र करने पर अन्नामलाई ने इसे राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ बताया और नागेंद्रन ने सफाई दी।
Image Source- Social Media
Tamil Nadu BJP Row: तमिलनाडु बीजेपी के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन (Nainar Nagendran) की मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय (C. Joseph Vijay) पर की गई टिप्पणी से शनिवार को राजनीतिक विवाद (Political Controversy) खड़ा हो गया। नागेंद्रन ने कहा कि अगर किसी को अपने 'पिता कहां हैं' का जवाब जानना है तो उसे विधानसभा (Assembly) में खोजने के बजाय घर जाकर अपनी मां से पूछना चाहिए।
नैनार नागेंद्रन कमलालयम स्थित बीजेपी के प्रदेश मुख्यालय में पार्टी के एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अभिनेता से नेता बने मुख्यमंत्री विजय की उस 'कुट्टी कथई' यानी छोटी कहानी का जवाब दिया, जिसमें विजय ने पहले डीएमके (DMK) अध्यक्ष एमके स्टालिन (M K Stalin) पर निशाना साधा था।
बार-बार पिता का जिक्र करने पर कसा तंज
नैनार नागेंद्रन ने विधानसभा में विजय की ओर से बार-बार पिता का जिक्र किए जाने पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि 'पिता कहां हैं' सवाल का जवाब विधानसभा में नहीं मिलेगा। इसके लिए घर जाकर अपनी मां से पूछना चाहिए।
नागेंद्रन की इस टिप्पणी के सामने आने के बाद राज्य की राजनीति में विवाद शुरू हो गया और उनके बयान को लेकर बीजेपी के भीतर से भी नाराजगी सामने आई।
अन्नामलाई ने बताया राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ
नैनार नागेंद्रन की टिप्पणी पर राज्य मंत्री ए राजमोहन (A Rajmohan) और बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई (K Annamalai) ने भी नाराजगी जताई। ए राजमोहन ने इस टिप्पणी को असभ्य और अनुचित बताया।
वहीं, के अन्नामलाई ने कहा कि नैनार नागेंद्रन की टिप्पणी राजनीतिक मर्यादा (Political Decorum) की सीमा पार करती है। उन्होंने कहा कि सरकार से सवाल करना और राजनीतिक मतभेद रखना लोकतंत्र (Democracy) का हिस्सा है, लेकिन किसी नेता के परिवार और खासकर उसकी मां को लेकर व्यक्तिगत टिप्पणी करना स्वीकार्य नहीं है।
अन्नामलाई ने इस तरह की राजनीति को पिछड़ी और 'थर्ड रेट' राजनीति बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी राजनीति को युवा पीढ़ी के बीच बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए।
विवाद बढ़ने के बाद नैनार नागेंद्रन ने दी सफाई
विवाद बढ़ने के बाद नैनार नागेंद्रन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर अपनी सफाई दी। उन्होंने कहा कि 'ओरु नाडु 2.0' (Oru Naadu 2.0) के पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में मंच से दिया गया उनका बयान किसी को निशाना बनाकर या किसी गलत मंशा से नहीं दिया गया था।
नागेंद्रन ने आरोप लगाया कि कुछ लोग राजनीतिक फायदे के लिए उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे हैं। उन्होंने अपनी सफाई में कहा कि वह मां, मातृभूमि (Motherland) और मातृभाषा (Mother Tongue) के प्रति गहरी चिंता और सम्मान रखने वाले व्यक्ति हैं।
इस पूरे विवाद के बीच एक तरफ नैनार नागेंद्रन अपनी टिप्पणी को लेकर सफाई दे रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ बीजेपी के ही नेताओं की ओर से उनकी टिप्पणी पर आपत्ति जताए जाने से तमिलनाडु की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है।