Paytm Pocket Money 2026: टीनएजर्स के लिए Paytm का बड़ा धमाका! अब बिना बैंक अकाउंट भी होगा UPI पेमेंट

Paytm Pocket Money Feature 2026: अब बच्चे और टीनएजर्स बिना बैंक अकाउंट भी कर सकेंगे UPI पेमेंट, माता-पिता रख सकेंगे खर्च पर नजर

Update:2026-05-20 15:37 IST

Paytm Pocket Money Feature 2026 India

Paytm Pocket Money Feature 2026: भारत में डिजिटल पेमेंट का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है और यह लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। कैशलेश लाइफ स्टाइल के बढ़ते ट्रेंड के साथ अब किशोरों यानी टीनएजर्स को भी इसका बड़ा फायदा मिलने वाला है। पेटीएम ने ‘Paytm Pocket Money’ नाम से नया फीचर लॉन्च किया है, जिसकी मदद से बिना बैंक अकाउंट वाले बच्चे और किशोर भी आसानी से UPI पेमेंट कर सकेंगे। यह फीचर खास तौर पर स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्रों के लिए तैयार किया गया है, ताकि वे छोटी-छोटी जरूरतों के लिए हर बार माता-पिता पर निर्भर न रहें।

कंपनी ने बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) को दी जानकारी में बताया कि यह सुविधा NPCI के पास UPI Circle फीचर पर आधारित है। इसके जरिए परिवार का कोई भरोसेमंद सदस्य अपने बैंक अकाउंट से बच्चों को सीमित और सुरक्षित तरीके से UPI इस्तेमाल करने की अनुमति दे सकेगा।

माता-पिता रख सकेंगे खर्च पर पूरी नजर

पेटीएम पॉकेट मनी फीचर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें बच्चों के खर्च पर माता-पिता का पूरा कंट्रोल रहेगा। वे बच्चों के लिए मासिक खर्च सीमा तय कर सकते हैं और रियल टाइम में यह भी देख पाएंगे कि पैसा कहां और कितना खर्च हो रहा है। कंपनी के मुताबिक Paytm Spend Summary फीचर परिवारों को बच्चों के खर्च का पूरा रिकॉर्ड दिखाएगा। इससे माता-पिता को खर्च की आदत समझने में आसानी होगी और बच्चों को भी जिम्मेदारी से डिजिटल पेमेंट इस्तेमाल करने की सीख मिलेगी।

आज के समय में ज्यादातर छात्र ऑनलाइन पेमेंट का इस्तेमाल करना चाहते हैं, लेकिन बैंक अकाउंट या डेबिट कार्ड न होने की वजह से उन्हें दिक्कत होती है। ऐसे में यह फीचर उनके लिए काफी मददगार साबित हो सकता है।

छात्रों की रोजमर्रा की जरूरतें होंगी आसान

यह फीचर खास तौर पर उन किशोरों के लिए उपयोगी माना जा रहा है जो स्कूल, कॉलेज या कोचिंग जाते हैं। अब वे कैंटीन में खाने का बिल, मेट्रो टिकट, कैब का किराया, मोबाइल रिचार्ज और छोटी-मोटी शॉपिंग का भुगतान खुद कर सकेंगे।

अब तक बच्चों को ऑनलाइन पेमेंट करने के लिए माता-पिता का फोन लेना पड़ता था या OTP पूछना पड़ता था। कई बार QR कोड व्हाट्सएप पर भेजकर पेमेंट कराया जाता था। लेकिन अब वे अपने मोबाइल में Paytm ऐप के जरिए सीधे भुगतान कर पाएंगे। इससे बच्चों में आत्मनिर्भरता c बढ़ेगी और माता-पिता को भी सुविधा मिलेगी।

UPI सर्कल के जरिए काम करेगा नया सिस्टम

पेटीएम पॉकेट मनी फीचर NPCI के UPI Circle सिस्टम पर आधारित है। NPCI ने अगस्त 2024 में यह फीचर शुरू किया था, ताकि एक मुख्य UPI यूजर अपने परिवार या किसी भरोसेमंद व्यक्ति को अपने बैंक अकाउंट से सीमित UPI ट्रांजैक्शन की अनुमति दे सके। इस फीचर के एक्टिव होने के बाद किशोर अपने मोबाइल फोन में पेटीएम ऐप के जरिए लाखों दुकानों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित तरीके से भुगतान कर सकेंगे। कंपनी का कहना है कि अब बच्चों को पेमेंट करने के लिए हर बार माता-पिता का फोन मांगने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

ट्रांजैक्शन लिमिट और सिक्योरिटी का रखा गया खास ध्यान

कंपनी ने इस फीचर में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई लिमिट और कंट्रोल दिए हैं। एक बार में अधिकतम 5,000 रुपये तक का भुगतान किया जा सकेगा, जबकि मासिक लिमिट 15,000 रुपये तय की गई है। इसके अलावा शुरुआत के 30 मिनट तक केवल 500 रुपये त सीएफक ही भुगतान किया जा सकेगा। वहीं पहले 24 घंटे में कुल 5,000 रुपये तक की ट्रांजैक्शन लिमिट रहेगी। यह व्यवस्था सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए रखी गई है। डिवाइस लॉक भी अनिवार्य होगा, ताकि फोन खो जाने या गलत इस्तेमाल की स्थिति में सुरक्षा बनी रहे। माता-पिता कभी भी पेटीएम UPI PIN के जरिए लिमिट बदल सकते हैं या फीचर को बंद भी कर सकते हैं।

ऐसे आसानी से एक्टिव कर सकते हैं फीचर

पेटीएम पॉकेट मनी फीचर को शुरू करने की प्रक्रिया काफी आसान रखी गई है। सबसे पहले Play Store या App Store से Paytm ऐप अपडेट करना होगा। इसके बाद ऐप में To Mobile / Contact सेक्शन पर जाकर Pocket Money विकल्प चुनना होगा। फिर जिस व्यक्ति के लिए यह सुविधा एक्टिव करनी है उसका मोबाइल नंबर या UPI ID दर्ज करनी होगी। इसके बाद QR कोड स्कैन करके या UPI ID एंटर करके जरूरी दस्तावेजों के जरिए वेरिफिकेशन पूरा करना होगा। इसके बाद माता-पिता को मासिक खर्च सीमा तय करनी होगी और बैंक अकाउंट चुनकर Paytm UPI PIN डालना होगा। आखिर में सामने वाले यूजर को इनविटेशन स्वीकार करना होगा, जिसके बाद यह सुविधा एक्टिव हो जाएगी।

डिजिटल इंडिया अभियान को मिलेगा और बल

विशेषज्ञों का मानना है कि यह फीचर भारत में तेजी से बढ़ रहे डिजिटल पेमेंट सिस्टम को और मजबूत करेगा। पिछले कुछ वर्षों में UPI ट्रांजैक्शन में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है। किशोरों को भी इस डिजिटल इकोसिस्टम से जोड़ा जा रहा है। इससे बच्चों में कम उम्र से ही फाइनेंशियल मैनेजमेंट की समझ विकसित होगी। वहीं माता-पिता भी बच्चों के खर्च पर नजर रखते हुए उन्हें सुरक्षित तरीके से डिजिटल पेमेंट का अनुभव दे सकेंगे। आने वाले समय में ऐसे फीचर्स भारत में कैशलेस इकोनॉमी को और तेजी से आगे बढ़ा सकते हैं।

Tags:    

Similar News