PM मोदी ने ASEAN समिट से दिया दुनिया को शांति का संदेश, कहा-मुकाबले से नहीं, सहयोग से बनेगा भविष्य

ASEAN-India Summit: पीएम नरेंद्र मोदी ने मनीला में 23वें ASEAN-India Summit को संबोधित करते हुए दुनिया में शांति, स्थिरता और सहयोग की जरूरत बताई। जानें उनके भाषण की बड़ी बातें।

Update:2026-11-17 14:12 IST

Image Source - Social Media

ASEAN-India Summit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने दुनिया में लगातार बढ़ते संकटों के बीच शांति, स्थिरता और भरोसेमंद वैश्विक माहौल की जरूरत पर जोर दिया। पीएम मोदी ने कहा कि आज दुनिया को शांति, स्थिरता और पूर्वानुमान की सबसे ज्यादा जरूरत है। उन्होंने भारत और ASEAN देशों के बीच सहयोग बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि भविष्य प्रतिस्पर्धा से नहीं, बल्कि आपसी सहयोग से तय होना चाहिए।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी, ASEAN के साथ बढ़ते संबंधों और डिजिटल टेक्नोलॉजी, रक्षा एवं अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में सहयोग का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत और ASEAN मिलकर दुनिया की लगभग एक चौथाई आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे में दोनों पक्षों की जिम्मेदारी है कि क्षेत्र में शांति और समृद्धि का माहौल बनाया जाए।

PM मोदी के भाषण की 8 बड़ी बातें

1.दुनिया को शांति और स्थिरता की जरूरत

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले कुछ सालों में दुनिया ने एक के बाद एक कई संकटों का सामना किया है। ऐसे समय में पूरी दुनिया को शांति, स्थिरता और पूर्वानुमान की जरूरत पहले से कहीं ज्यादा है।

2.प्रतिस्पर्धा नहीं, सहयोग से बनेगा भविष्य

प्रधानमंत्री ने इस साल के ASEAN सम्मेलन की थीम 'Navigating Our Future Together' का जिक्र करते हुए कहा कि भारत और ASEAN मिलकर दुनिया की करीब एक चौथाई आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसलिए यह जरूरी है कि हमारा भविष्य प्रतिस्पर्धा के बजाय सहयोग से तय हो।

3.भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी से रिश्तों को मिली मजबूती

पीएम मोदी ने कहा कि भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी ने पिछले कुछ सालों में ASEAN देशों के साथ संबंधों को नई गति और गहराई दी है। भारत और ASEAN की साझेदारी अब साझा संस्कृति और विरासत से आगे बढ़कर नए क्षेत्रों तक पहुंच गई है।

4.डिजिटल, रक्षा और अंतरिक्ष में बढ़ेगा सहयोग

प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत और ASEAN के बीच सहयोग अब डिजिटल टेक्नोलॉजी, रक्षा और अंतरिक्ष जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी विस्तार कर रहा है। इससे दोनों पक्षों के रणनीतिक संबंधों को नई मजबूती मिल रही है।

5.100 से ज्यादा पहल, 250 क्विक इंपैक्ट प्रोजेक्ट

पीएम मोदी ने लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी देते हुए बताया कि साल 2014 से अब तक 100 से अधिक पहल की गई हैं। इसके अलावा करीब 250 क्विक इंपैक्ट प्रोजेक्ट शुरू किए गए हैं और कौशल विकास के लिए 10 हजार से अधिक स्कॉलरशिप दी गई हैं।

6.ASEAN देशों से सीधी उड़ानें

प्रधानमंत्री ने भारत और ASEAN देशों के बीच बढ़ते पर्यटन और संपर्क का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ASEAN के कई देशों के साथ भारत की सीधी उड़ानें और बढ़ता पर्यटन दोनों पक्षों के बीच नजदीकी संबंधों का प्रमाण हैं।

7. विकसित भारत 2047 और ASEAN विजन 2045 का जिक्र

पीएम मोदी ने कहा कि भारत का विकास और ASEAN की समृद्धि एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। उन्होंने ASEAN Community Vision 2045 और विकसित भारत 2047 को साझा लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए महत्वपूर्ण बताया।

8. ASEAN की एकता के प्रति भारत की प्रतिबद्धता

प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि ASEAN की एकता और क्षेत्रीय भूमिका के प्रति भारत की प्रतिबद्धता पहले की तरह मजबूत बनी रहेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत और ASEAN की व्यापक रणनीतिक साझेदारी नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी और हिंद-प्रशांत क्षेत्र को सुरक्षित, समावेशी और समृद्ध बनाने में मदद करेगी।

भारत-ASEAN संबंधों को नई दिशा देने पर जोर

पीएम मोदी का यह संबोधन ऐसे समय में आया है, जब दुनिया कई तरह की भू-राजनीतिक और आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रही है। भारत ने ASEAN के साथ अपने संबंधों को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में स्पष्ट किया कि भारत इस क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि का मजबूत साझेदार बनना चाहता है। उन्होंने फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर को ASEAN की सफल अध्यक्षता के लिए बधाई भी दी।

Tags:    

Similar News