अकाली दल के साथ हो गया खेला! बड़ा भाई बनाकर BJP ने मांग ली आधी सीटें, पंजाब में सपा-कांग्रेस वाली लड़ाई?
पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन हो गया है।
Punjab Election News 2027: पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल ने एक बार फिर साथ आने का फैसला कर लिया है। गठबंधन का ऐलान होते ही अब सबसे बड़ा सवाल सीट बंटवारे को लेकर खड़ा हो गया है। दोनों पार्टियों के बीच कितनी-कितनी सीटों पर चुनाव लड़ने की सहमति बनेगी, इसे लेकर अंदरखाने बातचीत शुरू हो चुकी है।
बीजेपी सूत्रों के मुताबिक, पार्टी इस बार पंजाब की 45 से 50 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा कर रही है। अगर यह दावा सीट बंटवारे में बदलता है, तो पिछले गठबंधन के मुकाबले बीजेपी की सीटों की संख्या करीब दोगुनी हो सकती है।
पुराने फॉर्मूले से आगे बढ़ना चाहती है बीजेपी
पिछले गठबंधन में बीजेपी अकाली दल के साथ मिलकर चुनाव लड़ती थी और उसके हिस्से में 23 सीटें आती थीं। लेकिन इस बार बीजेपी का दावा है कि पंजाब में उसका राजनीतिक आधार पहले के मुकाबले बदला है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, 2024 लोकसभा चुनाव में उसका प्रदर्शन ही सीटों पर नए दावे का आधार है। बीजेपी अब करीब 46 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है, जबकि अकाली दल 65 से ज्यादा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार सकता है।
2024 के चुनावी आंकड़ों से बीजेपी ने मजबूत किया दावा
बीजेपी सूत्रों का कहना है कि 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान पंजाब की शहरी विधानसभा सीटों पर पार्टी का कोर वोट उसके साथ बना रहा। पार्टी के मुताबिक, लोकसभा चुनाव में बीजेपी 23 विधानसभा सीटों पर पहले नंबर पर रही थी। इसके अलावा छह सीटों पर दूसरे और 16 सीटों पर तीसरे स्थान पर रही।
इस तरह बीजेपी का दावा है कि पंजाब की कुल 117 विधानसभा सीटों में से 45 सीटों पर उसका प्रदर्शन अकाली दल से बेहतर रहा। वहीं, 2024 लोकसभा चुनाव में अकाली दल नौ विधानसभा सीटों पर पहले नंबर पर रहा था। पांच सीटों पर पार्टी दूसरे और पांच सीटों पर तीसरे स्थान पर रही थी।
इन्हीं आंकड़ों के आधार पर बीजेपी अब गठबंधन में ज्यादा सीटें चाहती है। हालांकि, सीटों के बंटवारे पर दोनों दलों के बीच अंतिम सहमति कब और किस फॉर्मूले पर बनेगी, यह अभी साफ नहीं है।
8 दिसंबर को मोगा में NDA की संयुक्त रैली
गठबंधन के बाद दोनों दलों की एकजुटता दिखाने के लिए पंजाब के मोगा में 8 दिसंबर को एनडीए की संयुक्त रैली आयोजित की जाएगी। यह रैली अकाली दल के पूर्व नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की जयंती के मौके पर रखी गई है।
बीजेपी सूत्रों के मुताबिक, इस रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल शामिल होंगे। गठबंधन के बाद यह रैली दोनों पार्टियों के लिए एक बड़ा साझा राजनीतिक मंच होगी।