दम है तो... राहुल गांधी को राजनाथ सिंह का खुला चैलेंज, 2029 ही नहीं 2034 को लेकर भी किया बड़ा दावा
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दावा किया कि देश में जब भी सरकार बनेगी, वह नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी की ही होगी।
Rajnath Singh: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कर्नाटक में एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि देश में जब भी अगली सरकार बनेगी, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी की ही होगी। राजनाथ सिंह ने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उसे सत्ता में आना है तो चुनाव लड़े और जनता का समर्थन हासिल करे।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव के जरिए सरकार बदलने के बजाय सड़कों पर अशांति और हिंसा फैलाकर सत्ता परिवर्तन की कोशिश कर रही है। बीजेपी के 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में राजनाथ सिंह ने लोकतंत्र, चुनाव आयोग और कांग्रेस शासन के दौरान हुए कथित घोटालों का भी जिक्र किया।
'राजनीतिक रैली नहीं, लोकतंत्र बचाने आए हैं'
राजनाथ सिंह ने कहा कि बीजेपी कर्नाटक में किसी राजनीतिक रैली के लिए नहीं आई है, बल्कि लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा का संकल्प लेने आई है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक के लोग लोकतांत्रिक मूल्यों को बचाने की लड़ाई में सबसे आगे खड़े होंगे।
उन्होंने कहा, 'हम यहां राजनीतिक रैली के लिए नहीं आए हैं। हम लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प लेने आए हैं। कर्नाटक का हर भाई लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई में सबसे आगे खड़ा होगा।'
राहुल गांधी को चुनाव लड़ने की चुनौती
रक्षा मंत्री ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी को जनता के समर्थन पर भरोसा है। चुनाव कभी भी हों और किसी भी तरीके से हों, देश में सरकार बीजेपी की ही बनेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह तय करना चाहिए कि वह वोट के जरिए सत्ता में बदलाव चाहती है या फिर सड़कों पर अराजकता और खून-खराबे के जरिए। राजनाथ सिंह ने विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उसमें हिम्मत है तो चुनाव लड़कर दिखाए।
उन्होंने कहा, "क्या आप वोट के जरिए बदलाव चाहते हैं या अराजकता और खून-खराबा फैलाकर? अगर हिम्मत है तो वोट के जरिए मुकाबला कीजिए।"
राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी से कहा कि भारत का लोकतंत्र इतना कमजोर नहीं है कि कुछ लोगों के सड़क पर हंगामा करने से उसे नुकसान पहुंच जाए। उनके मुताबिक, लोकतंत्र की असली ताकत जनता के वोट में है।
चुनाव आयोग की नियुक्ति को लेकर कांग्रेस पर पलटवार
राजनाथ सिंह ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर कांग्रेस के सवालों पर भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जब नरेंद्र मोदी पहली बार प्रधानमंत्री बने थे, उस समय मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति कांग्रेस ने की थी।
उन्होंने 2007 और 2012 के चुनावों का भी जिक्र किया। राजनाथ सिंह के मुताबिक, उस समय चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति कांग्रेस सरकार के दौरान हुई थी और नरेंद्र मोदी ने उसी चुनाव आयोग के तहत चुनाव जीतकर गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में काम किया।
उन्होंने कहा कि जनता ने अपने वोट से नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया है और कांग्रेस की आलोचना से लोगों का भरोसा नहीं डगमगाने वाला।
मनमोहन सिंह के समर्थन में मोदी के बयान का किया जिक्र
बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक मूल्यों का अंतर बताने के लिए राजनाथ सिंह ने 2013 का एक पुराना मामला भी उठाया। उन्होंने पाकिस्तान के तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का जिक्र किया।
राजनाथ सिंह के मुताबिक, उस समय नवाज शरीफ ने मनमोहन सिंह को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। तब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे। उन्होंने कहा था कि देश के प्रधानमंत्री का सम्मान होना चाहिए। देश के भीतर उनकी नीतियों की आलोचना की जा सकती है, लेकिन किसी दूसरे देश के नेता को प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि बीजेपी के लिए देश का सम्मान सबसे ऊपर है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी सरकार के दौरान अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है, जबकि कांग्रेस के शासन में भारत को उतनी गंभीरता से नहीं लिया जाता था।
कांग्रेस शासन के कथित घोटालों का भी किया जिक्र
अपने भाषण में रक्षा मंत्री ने कांग्रेस शासन के दौरान सामने आए कई विवादों और कथित घोटालों का भी जिक्र किया। उन्होंने 1948 के जीप खरीद विवाद का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि पाकिस्तान के साथ युद्ध के दौरान सेना के लिए जीप खरीदने के नाम पर भुगतान की व्यवस्था की गई, लेकिन वे जीप सेना तक नहीं पहुंचीं।
इसके अलावा उन्होंने इंदिरा गांधी के कार्यकाल में सिंगापुर से जहाज खरीदने के एक सौदे का जिक्र किया। राजनाथ सिंह ने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने बातचीत के बाद जहाज की कीमत कम कराई, लेकिन बचाए गए पैसे को लेकर कांग्रेस के एक नेता नाराज थे। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में इंदिरा गांधी ने भी कहा था कि अगर जहाज बनाने वाली कंपनी कांग्रेस को चंदा देना चाहती है तो इसमें क्या परेशानी है।
राजनाथ सिंह ने बोफोर्स, पनडुब्बी, अगस्ता और आदर्श घोटालों का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि ये सभी विवाद कांग्रेस शासन के दौरान हुए थे।