मोदी सरकार में सुप्रिया सुले बनेंगी मंत्री? शरद पवार ने रखी ऐसी शर्त, महाराष्ट्र में मचेगी हलचल!

NCP Sharad Pawar: शरद पवार की NCP-SP के एनडीए में शामिल होने की अटकलों के बीच केंद्र और महाराष्ट्र में मंत्री पदों की मांग की चर्चा तेज है। रिपोर्ट के मुताबिक, सुप्रिया सुले के लिए मोदी कैबिनेट, जबकि जयंत पाटिल और जितेंद्र आव्हाड के लिए महाराष्ट्र सरकार में मंत्री पद मांगे गए हैं।

Update:2026-11-28 12:11 IST

 Supriya Sule   

NCP Sharad Pawar:  महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़े सियासी उलटफेर की चर्चा तेज हो गई है। संसद के आगामी विशेष सत्र से पहले शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) को लेकर ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं, जो INDIA गठबंधन की एकजुटता और महाराष्ट्र की सत्ता का गणित बदल सकती हैं। चर्चा है कि शरद पवार की पार्टी बीजेपी नेतृत्व वाले एनडीए के करीब जाने की तैयारी में है। लेकिन इस संभावित राजनीतिक बदलाव के लिए पार्टी ने सत्ता में हिस्सेदारी की शर्त रखी है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, NCP-SP परिसीमन विधेयक का समर्थन करने और INDIA गठबंधन से एनडीए में जाने के बदले केंद्र और महाराष्ट्र, दोनों जगह मंत्री पद चाहती है। सूत्रों का दावा है कि पार्टी संसद में विधेयक के समर्थन से पहले सत्ता में हिस्सेदारी का फॉर्मूला तय करना चाहती है।

सुप्रिया सुले के लिए मोदी कैबिनेट में मंत्री पद की मांग

रिपोर्ट के मुताबिक, शरद पवार की पार्टी केंद्र सरकार में अपनी सबसे प्रमुख नेता और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले के लिए मंत्री पद चाहती है। सुप्रिया सुले NCP-SP की कार्यकारी अध्यक्ष भी हैं और शरद पवार की बेटी हैं। पार्टी की मांग है कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में जगह दी जाए।

दिलचस्प बात यह है कि हाल तक सुप्रिया सुले INDIA गठबंधन की ओर से कथित चुनावी गड़बड़ियों के आरोपों को लेकर हुए प्रदर्शनों में सक्रिय नजर आ रही थीं। लेकिन पिछले कुछ दिनों में उन्होंने परिसीमन के समर्थन में अपनी राय रखी है। इसे पार्टी के बदलते राजनीतिक रुख से जोड़कर देखा जा रहा है।

सिर्फ केंद्र में मंत्री पद ही नहीं, NCP-SP महाराष्ट्र की बीजेपी नेतृत्व वाली सरकार में भी अपनी हिस्सेदारी चाहती है। रिपोर्ट के अनुसार, पार्टी ने राज्य सरकार में दो कैबिनेट मंत्री पदों की मांग रखी है। इनमें वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल को वित्त मंत्रालय दिए जाने की चर्चा है, जबकि जितेंद्र आव्हाड को एक अन्य कैबिनेट विभाग मिल सकता है। इसके अलावा पार्टी दो राज्य मंत्री (MoS) पद भी चाहती है, ताकि उसके अन्य वरिष्ठ विधायकों को सरकार में प्रतिनिधित्व मिल सके।

सुप्रिया सुले को मुख्यमंत्री बनाने की चर्चा पर क्या बोलीं?

इस सियासी हलचल के बीच सुप्रिया सुले को महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग की खबरें भी सामने आई थीं। हालांकि, रिपोर्ट में इन दावों को खारिज किया गया है। सुप्रिया सुले ने खुद ऐसी खबरों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा में उनकी पार्टी के पास केवल 10 विधायक हैं।

वहीं, NCP-SP के पास लोकसभा में आठ सांसद हैं। ऐसे में परिसीमन विधेयक को संसद से पारित कराने के लिहाज से पार्टी का समर्थन महत्वपूर्ण हो सकता है। गौरतलब है कि इसी साल अप्रैल में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधायी प्रयास को संसद में समर्थन नहीं मिल पाया था। अब विशेष सत्र से पहले इस मुद्दे पर राजनीतिक समीकरण फिर से बदलते दिखाई दे रहे हैं।

शरद पवार ने कांग्रेस नेतृत्व को फोन कर बताई राजनीतिक मजबूरी?

NCP-SP के संभावित राजनीतिक बदलाव को लेकर एक और अहम दावा सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, शरद पवार ने कांग्रेस नेतृत्व से फोन पर बातचीत कर अपनी पार्टी की राजनीतिक मजबूरियों के बारे में जानकारी दी है। सूत्रों का दावा है कि उन्होंने INDIA गठबंधन के सहयोगियों को समझाया कि परिसीमन विधेयक का समर्थन करना पार्टी के भीतर संभावित टूट को रोकने के लिए जरूरी हो सकता है।

रिपोर्ट में NCP-SP के एक वरिष्ठ नेता के हवाले से बताया गया है कि पार्टी के भीतर एक धड़ा चाहता है कि संसद में परिसीमन विधेयक का औपचारिक समर्थन करने से पहले सत्ता में हिस्सेदारी को लेकर समझौता हो जाए। यानी पार्टी के सामने सिर्फ विधेयक पर रुख तय करने का सवाल नहीं है, बल्कि अपने राजनीतिक भविष्य और संगठन को एकजुट रखने की चुनौती भी है।

इस बीच, NCP-SP नेता जितेंद्र आव्हाड ने कहा है कि शरद पवार पहले अनौपचारिक बातचीत में निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन की जरूरत बता चुके हैं। सुप्रिया सुले ने भी परिसीमन का समर्थन किया है। उनका तर्क है कि लोकसभा सीटों में समान रूप से 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने से राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात घटने की आशंका दूर हो सकती है।

INDIA गठबंधन की बैठक से NCP-SP बनाएगी दूरी?

शरद पवार की पार्टी के बदलते रुख की चर्चा के बीच INDIA गठबंधन की आगामी बैठक को लेकर भी अहम जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, शरद पवार की तबीयत को देखते हुए सुप्रिया सुले ने कहा है कि वह सोमवार को सीधे दिल्ली पहुंचेंगी। इस वजह से वह शनिवार को होने वाली INDIA गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं होंगी।

सूत्रों के मुताबिक, NCP-SP का कोई भी सांसद इस बैठक में हिस्सा नहीं लेगा। हालांकि, पार्टी की ओर से किसी गैर-सांसद प्रतिनिधि को दिल्ली भेजे जाने की संभावना है।

ऐसे में संसद के विशेष सत्र से पहले NCP-SP का रुख INDIA गठबंधन के लिए चिंता का विषय बन सकता है। एक तरफ पार्टी परिसीमन विधेयक पर समर्थन जता रही है, तो दूसरी तरफ केंद्र और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री पदों की मांग की चर्चा है। हालांकि, एनडीए में शामिल होने या मंत्री पदों को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।  

Tags:    

Similar News