परिसीमन बिल पर ममता को बड़ा झटका! TMC के 20 बागी सांसदों को वोटिंग की छूट, कैसे डालेंगे प्रभाव?
Delimitation Bill Row: परिसीमन बिल पर वोटिंग से पहले टीएमसी के 20 बागी सांसदों को लेकर बड़ा अपडेट आया है। अयोग्यता की याचिकाएं लंबित होने के बावजूद औपचारिक फैसला आने तक वे मतदान कर सकेंगे। जानिए ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के लिए क्यों बढ़ी चुनौती।
Image Source- Social Media
Delimitation Bill Row: परिसीमन बिल को लेकर संसद में सियासी हलचल तेज है। इसी बीच तृणमूल कांग्रेस (TMC) के 20 बागी सांसदों को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। संकेत मिले हैं कि संसद के आगामी विशेष सत्र में ये सांसद अपनी मर्जी से मतदान (Voting) कर सकेंगे। यानी उनके खिलाफ अयोग्यता की याचिकाएं लंबित होने के बावजूद फिलहाल उनका वोट देने का अधिकार खत्म नहीं होगा। सत्तारूढ़ पक्ष के लिए इन सांसदों के वोट परिसीमन बिल को पारित कराने की रणनीति में अहम साबित हो सकते हैं।
अयोग्यता की याचिका लंबित
यह मामला तब चर्चा में आया जब टीएमसी की राज्यसभा सांसद सागरिका घोष ने 20 सांसदों की सदस्यता को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा था कि इन सांसदों के खिलाफ अयोग्यता की याचिकाएं दायर हुए छह महीने से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन अब तक कोई फैसला नहीं आया है। ऐसे में सवाल है कि क्या ये सांसद लोकसभा में परिसीमन बिल पर मतदान कर सकेंगे।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, लोकसभा सचिवालय के सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि किसी सांसद को तब तक मतदान करने से नहीं रोका जा सकता, जब तक उसे औपचारिक रूप से अयोग्य घोषित नहीं कर दिया जाता। केवल अयोग्यता की याचिका लंबित होने से सांसद के संसदीय अधिकार (Parliamentary Rights) खत्म नहीं होते। अंतिम फैसला आने तक ये सांसद सदन की कार्यवाही में हिस्सा लेने और वोट डालने के हकदार रहेंगे।
जून में टीएमसी से अलग हुए थे 20 सांसद
काकली घोष दस्तीदार के नेतृत्व में ये 20 सांसद इस साल जून में पश्चिम बंगाल में टीएमसी की चुनावी हार के बाद पार्टी से अलग हो गए थे। इसके बाद उन्होंने नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) में शामिल होने और एनडीए को समर्थन देने का ऐलान किया था।
इस बागी गुट में सायोनी घोष, यूसुफ पठान, सुदीप बंद्योपाध्याय, काकली घोष दस्तीदार, शताब्दी रॉय, जून मालिया, दीपक अधिकारी यानी देव और रचना बनर्जी समेत 20 सांसद शामिल हैं। इन सांसदों ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात कर टीएमसी के सांसदों से अलग बैठने की व्यवस्था करने की मांग की थी। स्पीकर ने उनकी मांग स्वीकार कर ली थी।
अभिषेक बनर्जी ने दाखिल की थीं याचिकाएं
बागी सांसदों के अलग गुट बनाने और टीएमसी से दूरी बनाने के बाद पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी ने उनके खिलाफ कार्रवाई की। उन्होंने सभी 20 सांसदों की सदस्यता समाप्त करने के लिए अलग-अलग याचिकाएं दाखिल की थीं।
बागी सांसदों का दावा था कि टीएमसी के लोकसभा सांसदों में दो-तिहाई से अधिक उनके साथ हैं। इसी आधार पर उन्होंने दल-बदल कानून (Anti-Defection Law) के तहत अयोग्यता से बचने के लिए एनसीपीआई में विलय का ऐलान किया था। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाले एनडीए के साथ काम करने की घोषणा भी की थी।
स्पीकर के सामने सभी 20 सांसदों ने दिया जवाब
लोकसभा सचिवालय ने अयोग्यता याचिकाओं के संबंध में 26 अगस्त 2026 को सभी 20 सांसदों को नोटिस जारी किए थे। इसके बाद सांसदों को अपना पक्ष रखने के लिए समय दिया गया। पांच बार समय बढ़ाए जाने के बाद सभी 20 सांसदों ने 24 नवंबर को लोकसभा स्पीकर के सामने अपना लिखित जवाब जमा कर दिया।
अब स्पीकर इन जवाबों की जांच करेंगे और इसके बाद अयोग्यता याचिकाओं पर अंतिम फैसला लेंगे। यानी फिलहाल इन सांसदों की सदस्यता को लेकर अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। जब तक उन्हें औपचारिक रूप से अयोग्य घोषित नहीं किया जाता, तब तक उनके पास सदन में मतदान करने का अधिकार बना रहेगा।
टीएमसी ने सुप्रीम कोर्ट का भी किया रुख
दूसरी तरफ टीएमसी इस मामले में जल्द फैसला चाहती है। पार्टी ने अयोग्यता की कार्यवाही पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) का भी रुख किया है। पार्टी की ओर से लगातार यह मांग उठाई जा रही है कि बागी सांसदों की सदस्यता से जुड़े मामले को लंबा न खींचा जाए।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि परिसीमन बिल पर मतदान के समय ये 20 सांसद किसके पक्ष में वोट करेंगे। अगर वे सत्तारूढ़ पक्ष के समर्थन में मतदान करते हैं तो बिल को पारित कराने की रणनीति में उनकी भूमिका अहम हो सकती है। वहीं, टीएमसी के लिए यह मामला राजनीतिक और संसदीय दोनों मोर्चों पर चुनौती बना हुआ है।