बाहुबली मत बनिए... बिहार के जज पर सुप्रीम कोर्ट को क्यों आया गुस्सा? बोले- दुखी करने वाली आपकी कानूनी समझ
सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के एक सेशन जज की कानूनी समझ और कामकाज पर कड़ी नाराजगी जताई।
Supreme Court: सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के एक सेशन जज के कामकाज पर कड़ी नाराजगी जताते हुए तीखी टिप्पणी की है। कोर्ट ने जज की कानूनी समझ पर सवाल उठाते हुए कहा कि कानून को लेकर आपकी समझ बेहद निराशाजनक है। साथ ही जज के वकील से कहा कि वे अपने मुवक्किल को सलाह दें कि वह 'बाहुबली' की तरह बर्ताव करना बंद करें। मामला एक पुलिस अधिकारी को अदालत के निर्देश के बावजूद FIR दर्ज नहीं करने पर दोषी ठहराने और उस पर जुर्माना लगाने से जुड़ा है।
पुलिस अधिकारी को दोषी ठहराने पर सुप्रीम कोर्ट नाराज
CJI सूर्यकांत की अगुवाई वाली पीठ इस मामले की सुनवाई कर रही थी। सुनवाई के दौरान जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने सवाल उठाया कि क्या सेशन जज ने अपने अधिकार क्षेत्र में रहते हुए कार्रवाई की थी? उन्होंने कहा कि किसी जज को पहले यह समझना चाहिए कि अदालत की अवमानना और अदालत के सामने किए गए अपराध के बीच कानूनी अंतर क्या है।
जस्टिस बागची ने BNSS की धारा 384 और CrPC की धारा 345 का हवाला देते हुए कहा कि इन प्रावधानों के तहत अदालत के सामने या उसकी कार्यवाही के दौरान कुछ खास तरह के अपराध होने पर ही अदालत कार्रवाई कर सकती है।
FIR दर्ज नहीं करना अदालत के सामने अपराध नहीं
जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने उदाहरण देते हुए समझाया कि अगर कोई व्यक्ति अदालत कक्ष में किसी को थप्पड़ मारता है, अदालत को गाली देता है या कोर्ट के निर्देश के बावजूद कोर्ट रूम छोड़ने से इनकार करता है, तो इसे अदालत के सामने किया गया अपराध माना जा सकता है।
लेकिन अगर अदालत किसी पुलिस अधिकारी को FIR दर्ज करने का निर्देश देती है और वह अधिकारी ऐसा नहीं करता, तो इसे अपने आप अदालत के सामने किया गया अपराध नहीं माना जा सकता। ऐसे मामलों में कार्रवाई के लिए कानून में तय अलग प्रक्रिया और अधिकार क्षेत्र का पालन करना जरूरी है।
DM और SP को बुलाकर उसी दिन दोषी ठहराने पर सवाल
सुप्रीम कोर्ट ने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि सेशन जज ने पुलिस अधीक्षक को अदालत में बुलाया और उसी दिन उन्हें दोषी भी ठहरा दिया। पीठ ने सवाल किया कि क्या जिला मजिस्ट्रेट (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) को अदालत में बुलाना, उनके पेश नहीं होने को अदालत के सामने किया गया अपराध मानना और फिर उन्हें दोषी ठहराकर सजा देना जज के अधिकार क्षेत्र में था?
जस्टिस बागची ने जज के आक्रामक रवैये पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिस तरह से जज ने पुलिस अधीक्षक को बुलाकर उसी दिन दोषी ठहराया, वह उनकी कानूनी समझ को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।
'बाहुबली' की तरह बर्ताव करना बंद करें
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ता जज के वकील से कहा कि वह अपने मुवक्किल को समझाएं और उन्हें 'बाहुबली' की तरह व्यवहार करने से रोकें। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि अदालत के पास कुछ विशेष परिस्थितियों में कार्रवाई करने की शक्ति जरूर है, लेकिन इसका इस्तेमाल कानून में तय सीमाओं और प्रक्रिया के तहत ही किया जा सकता है।