भोपाल में भारी बवाल! CM आवास घेरने को जूटे किसानों का उग्र प्रदर्शन, भारी संख्या में फोर्स तैनात
Bhopal Farmers Protest: भोपाल में मूंग खरीदी में देरी को लेकर किसानों का उग्र प्रदर्शन, सड़क जाम, पुलिस ने बैरिकेडिंग और वाटर कैनन लगाए। सीएम आवास घेरने की चेतावनी।
Bhopal Farmers Protest: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री आवास घेरने को जूटे किसानों ने भारी बवाल काटा। मूंग की सरकारी खरीद में हो रही देरी और समर्थन मूल्य से जुड़े मुद्दों को लेकर किसानों का प्रदर्शन तेज हो गया। बड़ी संख्या में किसानों ने भोपाल के आसपास सड़कों पर उतरकर चक्काजाम किया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की और वाटर कैनन तैनात किए।
प्रदर्शनकारी किसानों का कहना है कि सरकार की ओर से मूंग खरीद में लगातार देरी की जा रही है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि समय पर खरीद नहीं होने से फसल खराब होने का खतरा बढ़ गया है।
प्रदर्शन में शामिल एक किसान नेता ने कहा कि इस आंदोलन में 13 किसान संगठन शामिल हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मुख्यमंत्री आज भी किसान मोर्चा के प्रतिनिधियों से बातचीत नहीं करते हैं, तो आने वाले समय में आंदोलन और व्यापक होगा।
किसान नेता ने कहा, "आज भी अगर मुख्यमंत्री हमारी बात नहीं सुनते और किसान मोर्चा से चर्चा नहीं करते, तो कल स्थिति ऐसी हो जाएगी कि उन्हें खुद सड़क पर आकर किसानों से बात करनी पड़ेगी। आज हमारे प्रतिनिधि मुख्यमंत्री आवास जाकर बातचीत कर सकते हैं, लेकिन यदि समाधान नहीं निकला तो आंदोलन और तेज होगा। मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जा चुका है और भीड़ बढ़ने पर हालात और गंभीर हो सकते हैं।"
किसानों ने साफ कहा है कि जब तक मूंग खरीद और उचित मूल्य को लेकर उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। प्रशासन फिलहाल स्थिति पर नजर बनाए हुए है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।