Gujrat के वडोदरा में बड़ा हादसा, लग्जरी बस और ट्रक की टक्कर में 6 की मौत, 26 घायल
Vadodara Bus Accident: यह दुर्घटना कोटंबी स्टेडियम के पास उस वक्त हुई जब राजस्थान के बांसवाड़ा से सूरत जा रही एक लग्जरी बस ने सड़क पर आगे चल रहे ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
Vadodara Bus Accident
Vadodara Bus Accident: गुजरात के वडोदरा जिले में आज 17 जून 2026 यानी बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 से ज़्यादा यात्री बुरी तरह से घायल हो गए। यह दुर्घटना कोटंबी स्टेडियम के पास उस वक्त हुई जब राजस्थान के बांसवाड़ा से सूरत जा रही एक लग्जरी बस ने सड़क पर आगे चल रहे ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
फायर ब्रिगेड, SDRF और NDRF टीम मौके पर पहुंची
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री उसमें फंस गए। इस हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, वडोदरा फायर ब्रिगेड, SDRF और NDRF की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू टीमों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर नजदीकी SSG अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसके कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन बालाजी ट्रैवल्स की लग्जरी बस थी, जो यात्रियों को लेकर सूरत जा रही थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस चालक ने ट्रक को पीछे से टक्कर मारी, लेकिन हादसे के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
जांच में जुटी पुलिस
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में तेजी से जुटी हैं कि दुर्घटना चालक की लापरवाही, तेज रफ्तार या किसी तकनीकी खराबी के कारण हुई। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
बता दे, इस हादसे के बाद हालोल से वडोदरा आने वाले मार्ग पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील की है।