4751 शहरों को पछाड़ जमशेदपुर ने मारी बाजी, झारखंड का कौन सा शहर बना नंबर-1?

Jamshedpur Cleanest City: स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में जमशेदपुर ने झारखंड में पहला स्थान हासिल किया है। देश के 4751 से अधिक शहरों के बीच हुए सर्वेक्षण में राष्ट्रीय सम्मान के लिए चुना गया जमशेदपुर राज्य का इकलौता शहर बना।

Update:2026-11-12 09:34 IST

Jamshedpur Cleanest City

Jamshedpur Cleanest City: झारखंड की लौहनगरी जमशेदपुर ने स्वच्छता (Cleanliness) के मामले में एक बार फिर अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई है. देशभर के हजारों शहरों के बीच हुए स्वच्छ सर्वेक्षण (Swachh Survekshan) 2025-26 में जमशेदपुर ने झारखंड में पहला स्थान हासिल किया है. खास बात यह है कि राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान के लिए चुने जाने वाला जमशेदपुर राज्य का इकलौता शहर बना है. इस उपलब्धि ने न केवल शहर की स्वच्छता व्यवस्था को पहचान दिलाई है, बल्कि कचरा प्रबंधन (Waste Management) के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को भी राष्ट्रीय मंच पर जगह दी है.

बुधवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने स्वच्छ सर्वेक्षण के विजेता शहरों को सम्मानित किया. इस दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों से आए शहरों की स्वच्छता से जुड़ी उपलब्धियों को सराहा गया. जमशेदपुर का चयन झारखंड के लिए भी गौरव का विषय बन गया है.

4751 से अधिक शहरों के बीच हुआ मुकाबला

स्वच्छ सर्वेक्षण का यह दसवां संस्करण (10th Edition) था. केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय (Ministry of Housing and Urban Affairs) की ओर से आयोजित इस सर्वेक्षण में देशभर के 4751 से अधिक शहरों को शामिल किया गया था. इतने बड़े स्तर पर हुए मूल्यांकन में शहरों को अपनी स्वच्छता व्यवस्था साबित करने का मौका मिला.

इस बार सर्वेक्षण की थीम 'स्वच्छता की नई पहल- बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ' रखी गई थी. इसके तहत शहरों का आकलन 10 प्रमुख क्षेत्रों और 43 अलग-अलग मानकों पर किया गया. इनमें स्वच्छता से जुड़े प्रयासों और व्यवस्थाओं को आधार बनाकर शहरों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया गया.

झारखंड में जमशेदपुर ने छोड़ी अपनी छाप

राज्य में पहला स्थान हासिल करना जमशेदपुर के लिए बड़ी उपलब्धि है. वहीं, राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान के लिए चयनित होने से शहर की उपलब्धि और खास हो गई है. यह सफलता शहर में साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन और बेहतर शहरी व्यवस्था के लिए किए जा रहे प्रयासों की ओर भी ध्यान खींचती है.

अब जमशेदपुर की इस उपलब्धि को झारखंड के दूसरे शहरों के लिए भी एक उदाहरण के तौर पर देखा जा रहा है.

Tags:    

Similar News