15 नवंबर को इन छात्रों की होगी बल्ले-बल्ले! हेमंत सोरेन खोलेंगे खजाना, जानें किसे कितना मिलेगा इनाम
Jharkhand Student Award 2026: झारखंड स्थापना दिवस पर 15 नवंबर को हेमंत सोरेन 235 मेधावी छात्रों को सम्मानित करेंगे। टॉपर्स को 3 लाख रुपये, लैपटॉप और मोबाइल दिए जाएंगे
Jharkhand Student Award 2026
Jharkhand Student Award 2026: झारखंड में पढ़ाई के दम पर अपनी अलग पहचान बनाने वाले विद्यार्थियों के लिए 15 नवंबर का दिन बेहद खास होने जा रहा है। किसी को तीन लाख रुपये मिलेंगे तो किसी के खाते में दो या एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि पहुंचेगी। इतना ही नहीं, मेधावी छात्रों को लैपटॉप, मोबाइल और टैबलेट देकर भी सम्मानित किया जाएगा। दरअसल, झारखंड स्थापना दिवस (Jharkhand Foundation Day) के मौके पर राज्य सरकार ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए बड़े स्तर पर सम्मान समारोह आयोजित करने की तैयारी की है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) अपने हाथों से विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे।
वर्ष 2026 में झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC), केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) और इंडियन सर्टिफिकेट ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (ICSE) की 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में स्टेट टॉपर (State Toppers) रहे विद्यार्थियों को इस समारोह में पुरस्कार दिया जाएगा। खास बात यह है कि सिर्फ बोर्ड परीक्षाओं में अव्वल रहने वाले छात्र ही नहीं, बल्कि इंजीनियरिंग, मेडिकल और लॉ की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
शिक्षा विभाग के मुताबिक, इस बार कुल 235 विद्यार्थियों को पुरस्कार देने की योजना है। इसके लिए झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (Jharkhand Education Project Council) के निदेशक ने सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों (DEO) को पत्र जारी कर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया है।
टॉपर्स को मिलेंगे 3 लाख रुपये, लैपटॉप और मोबाइल भी
जैक, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में पहले तीन स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके तहत प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र को तीन लाख रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले को दो लाख रुपये और तीसरे स्थान पर आने वाले विद्यार्थी को एक लाख रुपये मिलेंगे।
नकद राशि के अलावा चयनित विद्यार्थियों को लैपटॉप और मोबाइल फोन भी दिए जाएंगे। इस बार सीबीएसई 12वीं के वोकेशनल संकाय (Vocational Stream) में टॉप करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित करने का फैसला लिया गया है। तीनों बोर्डों को मिलाकर कुल 80 विद्यार्थियों को पुरस्कार मिलेगा।
सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के 12 छात्रों को भी मिलेगा सम्मान
स्थापना दिवस समारोह में राज्य सरकार के सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (CM School of Excellence) के मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा। इन स्कूलों से 10वीं और 12वीं की परीक्षा में टॉप करने वाले कुल 12 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। इन्हें लैपटॉप और प्रशस्ति पत्र (Certificate of Appreciation) देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।
इसके अलावा सरकार की आकांक्षा कोचिंग (Akanksha Coaching) से पढ़ाई कर प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी मंच पर सम्मानित किया जाएगा।
JEE-NEET में सफल छात्रों पर भी बरसेगा इनाम
इस बार सम्मान समारोह में प्रतियोगी परीक्षाओं में कामयाबी हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी खास जगह दी गई है। आकांक्षा कोचिंग के कुल 50 विद्यार्थियों को पुरस्कृत करने की तैयारी है। इनमें संयुक्त प्रवेश परीक्षा (JEE) में सफल हुए 35 विद्यार्थी और राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) पास करने वाले 12 विद्यार्थी शामिल हैं। इसके अलावा कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (CLAT) में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
1.46 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि, 226 लैपटॉप का होगा वितरण
15 नवंबर को होने वाले इस कार्यक्रम के लिए सरकार ने बड़े बजट की व्यवस्था की है। शिक्षा विभाग के अनुसार, कुल 235 विद्यार्थियों को सम्मानित करने के लिए 1.46 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। वहीं, विद्यार्थियों के बीच 226 लैपटॉप, 80 मोबाइल फोन और नौ टैबलेट भी बांटे जाएंगे।
इस आयोजन का उद्देश्य बोर्ड परीक्षाओं और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाना है, ताकि दूसरे छात्र भी उनसे प्रेरणा लेकर पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
13 नवंबर तक जिलों को देनी होगी छात्रों की जानकारी
सम्मान समारोह की तैयारियों को लेकर झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जिलों को चयनित विद्यार्थियों की उपस्थिति से जुड़ी जानकारी 13 नवंबर तक उपलब्ध करानी होगी। शिक्षा विभाग ने अधिकारियों को विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से संपर्क कर समारोह में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा है।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई चयनित विद्यार्थी किसी वजह से कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाता है, तो उसकी जगह उसके माता-पिता समारोह में शामिल हो सकते हैं। ऐसे में अब सभी जिलों को तय समयसीमा के भीतर तैयारियां पूरी करनी होंगी।