Ranchi Students Protest: 3 दिन से अन्न-जल त्यागे देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत बिगड़ी, JPSC-JSSC आंदोलन हुआ तेज
रांची में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षा विवाद को लेकर छात्र आंदोलन तेज हो गया है। भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत बिगड़ गई है। वहीं JPSC कथित अनियमितता मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 14 पहुंच गई।
Ranchi Students Protest: झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के खिलाफ छात्रों का आंदोलन लगातार उग्र होता जा रहा है। रांची में चल रहे सत्याग्रह धरने का मंगलवार को 11वां दिन पूरा हो गया, जबकि छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल तीसरे दिन में प्रवेश कर गई। लगातार तीन दिनों से अन्न और पानी का त्याग करने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई है। डॉक्टरों ने स्वास्थ्य में गिरावट को देखते हुए उन्हें स्लाइन चढ़ाई है।
तीन दिन से अन्न-जल त्यागने के बाद बिगड़ी तबीयत
JPSC-JSSC भ्रष्टाचार-मुक्त एवं पारदर्शी भर्ती अभियान का नेतृत्व कर रहे देवेंद्र नाथ महतो की हालत अब चिंताजनक बताई जा रही है। मेडिकल टीम के अनुसार उनका ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर काफी नीचे आ गया है। इसके अलावा तेज कमजोरी, शरीर में दर्द, डिहाइड्रेशन और अत्यधिक थकान जैसी समस्याएं सामने आई हैं। डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं।
'युवाओं की मांगों पर गंभीरता से फैसला ले सरकार'
भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति के खिलाफ नहीं, बल्कि झारखंड के लाखों बेरोजगार युवाओं के भविष्य और सम्मान की लड़ाई है।
उन्होंने कहा कि जब तक झारखंड सरकार JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और पूरी तरह पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित नहीं करती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
महतो ने यह भी कहा कि वे दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संघर्ष और जनआंदोलन की परंपरा से प्रेरित होकर युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं।
शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देकर निकाला मार्च
4 अगस्त को पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की पुण्यतिथि के अवसर पर आंदोलनकारी छात्रों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। JPSC-JSSC अभ्यर्थियों ने रांची में श्रद्धांजलि मार्च निकालकर कहा कि वे न्याय और पारदर्शिता की लड़ाई को आगे बढ़ाएंगे।
धरना स्थल पर बढ़ रही युवाओं की भीड़
रांची के आंदोलन स्थल पर हर दिन बड़ी संख्या में अभ्यर्थी, अभिभावक और सामाजिक संगठनों के लोग पहुंच रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों ने युवाओं का भविष्य दांव पर लगा दिया है और अब पारदर्शी भर्ती व्यवस्था ही उनकी सबसे बड़ी मांग है।
JPSC अनियमितता मामले में 14 गिरफ्तार
इस बीच झारखंड CID ने JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच के दौरान मंगलवार को तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार लोगों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। CID की जांच अभी भी जारी है और एजेंसी कथित भर्ती घोटाले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।