Buy Now Pay Later: 'अभी खरीदो, बाद में पैसे दो' ऑन लाईन शॉपिंग ऑफर कितना सुरक्षित? जानिए पूरी सच्चाई
Buy Now Pay Later India 2026: ऑनलाइन शॉपिंग में तेजी से लोकप्रिय हो रहे Buy Now Pay Later (BNPL) विकल्प के फायदे, जोखिम और जरूरी सावधानियां जानिए।
Buy Now Pay Later India 2026
Online Shopping News: आधुनिक सोच के साथ बदलती जीवन शैली में अब खरीदारी का भी माहौल पूरी तरह से बदल।दिया है। पहले जहां पूरा परिवार खासतौर से तीज त्योहारों पर बाजार खरीदारी पहुँचता था साथ ही दुकानदारों से भी आत्मिक संबंध स्थापित हो जाते थे। चाय, काफी, शरबत से लेकर पान का बीड़ा तक ग्राहकों को आकर्षक लहजे में सम्मान के साथ परोसा जाता था। वहीं अब घर बैठे ऑनलाइन शॉपिंग कल्चर ने इस पुरानी रयावत को पूरी तरह से बदल कर रख दिया है। यानी खरीदारी का तरीका पूरी तरह बदल दिया है। अब लोगों को किसी सामान के लिए बाजार जाने की जरूरत नहीं पड़ती। मोबाइल से कुछ क्लिक करते ही सामान घर तक पहुंच जाता है। इसी सुविधा के बीच Buy Now Pay Later (BNPL) का विकल्प भी तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। यह सुविधा ग्राहकों को पहले खरीदारी करने और बाद में भुगतान करने की छूट देती है। पहली नजर में यह ऑफर काफी आकर्षक लगता है, लेकिन इसके फायदे जितने बड़े हैं, जोखिम भी उतने ही गंभीर हो सकते हैं। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि आखिर BNPL वास्तव में कितना फायदेमंद है और कब यह लोगों को आर्थिक परेशानी में डाल सकता है।
क्या है Buy Now Pay Later और क्यों बढ़ रही है इसकी लोकप्रियता?
Buy Now Pay Later यानी 'अभी खरीदें और बाद में भुगतान करें'। यह एक तरह की डिजिटल क्रेडिट सुविधा है। जिसके जरिए ग्राहक बिना तत्काल भुगतान किए किसी भी उत्पाद या सेवा को खरीद सकता है। इसके बाद तय समय के भीतर भुगतान किया जाता है या फिर आसान किस्तों में रकम चुकाई जाती है। पिछले कुछ वर्षों में ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म और फिनटेक कंपनियों ने इस सुविधा को तेजी से बढ़ावा दिया है। इसकी आसान प्रक्रिया और तुरंत मंजूरी मिलने के कारण युवा ग्राहकों के बीच इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।
BNPL कैसे करता है काम?
जब ग्राहक किसी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर खरीदारी करता है, तो भुगतान के विकल्पों में Buy Now Pay Later का विकल्प दिखाई देता है। इसे चुनने के बाद कंपनी ग्राहक की बुनियादी जानकारी और वित्तीय प्रोफाइल की जांच करती है। मंजूरी मिलने पर ग्राहक तुरंत खरीदारी कर सकता है, जबकि भुगतान बाद में तय अवधि के भीतर करना होता है। कई कंपनियां 15 दिन, 30 दिन या कई महीनों तक की EMI सुविधा भी देती हैं। यही वजह है कि महंगे उत्पाद भी लोगों की पहुंच में नजर आने लगते हैं।
एक साथ बड़ी रकम खर्च करने की चिंता कम करता है BNPL
इस सुविधा का सबसे बड़ा फायदा यह है कि ग्राहक को किसी महंगे सामान के लिए एकमुश्त बड़ी रकम खर्च नहीं करनी पड़ती। अगर किसी व्यक्ति को तुरंत मोबाइल, लैपटॉप या कोई जरूरी घरेलू उपकरण खरीदना है और उसके पास फिलहाल पूरी रकम नहीं है, तो ऐसे में BNPL मददगार साबित हो सकता है। कई कंपनियां जीरो-कॉस्ट EMI का विकल्प भी देती हैं। जिससे अतिरिक्त ब्याज का बोझ नहीं पड़ता। जिन लोगों के पास क्रेडिट कार्ड नहीं है। उनके लिए भी यह एक आसान विकल्प बनकर सामने आया है।
सुविधा के साथ जरूरत से ज्यादा खर्च का खतरा
वित्तीय विशेषज्ञों का मानना है कि BNPL की सबसे बड़ी चुनौती यही है कि यह खर्च करने को बहुत आसान बना देता है। जब भुगतान तुरंत नहीं करना होता, तो ग्राहक अक्सर अपनी वास्तविक आर्थिक क्षमता से ज्यादा खरीदारी कर लेते हैं। कई बार छोटी-छोटी खरीदारी बाद में मिलकर बड़ी देनदारी बन जाती है। यही वजह है कि कुछ लोग अनजाने में कर्ज के बोझ तले दबने लगते हैं।
समय पर भुगतान नहीं किया तो बढ़ सकती हैं मुश्किलें
BNPL का इस्तेमाल करते समय सबसे जरूरी बात समय पर भुगतान करना है। अगर ग्राहक तय तारीख तक भुगतान नहीं करता, तो कई कंपनियां लेट फीस या अतिरिक्त चार्ज वसूलती हैं। कुछ मामलों में ब्याज भी लगाया जाता है। लगातार भुगतान में देरी होने पर इसका असर ग्राहक के क्रेडिट स्कोर पर भी पड़ सकता है। खराब क्रेडिट स्कोर भविष्य में होम लोन, कार लोन या पर्सनल लोन मिलने की संभावनाओं को प्रभावित कर सकता है।
क्या Buy Now Pay Later किसी तरह का स्कैम है?
अक्सर लोग सोशल मीडिया पर BNPL को लेकर तरह-तरह की बातें सुनते हैं और इसे धोखाधड़ी समझ लेते हैं। वास्तव में यह कोई स्कैम नहीं है। यह एक वैध वित्तीय सुविधा है, जिसे बैंक और अधिकृत फिनटेक कंपनियां उपलब्ध कराती हैं। समस्या तब होती है जब ग्राहक इसकी शर्तों को पढ़े बिना इसका उपयोग कर लेते हैं। कई लोग यह समझते हैं कि यह पूरी तरह मुफ्त सुविधा है, जबकि भुगतान में देरी होने पर अतिरिक्त शुल्क लग सकता है। इसलिए किसी भी ऑफर को स्वीकार करने से पहले उसकी सभी शर्तों को समझना जरूरी है।
हर ग्राहक के लिए सही विकल्प नहीं है BNPL
यह सुविधा उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकती है जो अपनी वित्तीय जिम्मेदारियों को ठीक से समझते हैं और और समय पर भुगतान करने में सक्षम हैं। लेकिन जिन लोगों की आय सीमित है, पहले से कई EMI चल रही हैं या खर्चों पर नियंत्रण रखना मुश्किल होता है, उनके लिए BNPL जोखिम भरा साबित हो सकता है। ऐसे लोगों को इस सुविधा का उपयोग बेहद सावधानी से करना चाहिए।
समझदारी से इस्तेमाल करेंगे तो फायदे में रहेंगे
वित्त विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि Buy Now Pay Later का उपयोग केवल जरूरत पड़ने पर ही करना चाहिए। किसी भी खरीदारी से पहले यह तय करना जरूरी है कि भविष्य में उसका भुगतान आसानी से किया जा सकेगा या नहीं। भुगतान की तारीख याद रखना, नियम और शर्तों को ध्यान से पढ़ना और अपनी आय के अनुसार ही खर्च करना इस सुविधा का सुरक्षित उपयोग साबित कर सकता है।