वर्षा पटेल बनीं मिसालः गोद में 26 दिन की बेटी को लेकर दिया इंटरव्यू और बन गयीं डीएसपी

MPPSC Topper: वर्षा ने 26 दिन के बेटी को गोद में लेकर मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी 2024) परीक्षा का साक्षात्कार दिया।

Update:2025-09-14 09:37 IST

MPPSC Topper Varsha Patel

MPPSC Topper: कहा जाता है कि अगर कोई कुछ करने की ठान लें तो फिर रास्ते में कोई भी रूकावट सफलता को रोक नहीं सकती है। इस बात मध्य प्रदेश के मैहर जिले के भरेवा गांव की बेटी वर्षा पटेल ने सच कर दिखाया है। वह कठिन संघर्षो, मातृत्व की चुनौतियों के बीच सफलता हासिल कर मिसाल बन गयी हैं। वर्षा ने 26 दिन के बेटी को गोद में लेकर मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी 2024) परीक्षा का साक्षात्कार दिया। वह इस परीक्षा में सफल होकर न केवल डीएसपी पद पर चयनित हुईं बल्कि उन्होंने महिला वर्ग में राज्य में पहली रैंक भी हासिल की।

जीवन के संघर्षों से भी नहीं टूट हौसला

वर्षा पटेल के पिता एमपी के दमोह जिले में सीमेंट फैक्ट्री में काम करते थे। साल 2015 में उनका निधन हो गया। जिसके बाद परिवार को गहरा झटका लगा। पिता के निधन के बाद परिवार दमोह से मैहर आ गया। जिसके चलते वर्षा की पढ़ाई पर भी असर पड़ा। लेकिन फिर भी वर्षा ने अपने सपने को टूटने नहीं दिया और मेहनत जारी रखी।

पति ने दिया साथ

साल 2017 में वर्षा की शादी रामनगर में रहने वाले संजय पटेल से हुई। पति ने भी वर्षा के सपनों को पूरा करने में खूब मदद की। वाराणसी में मैनेजर की नौकरी छोड़कर वर्षा को एमपीपीएससी परीक्षा की तैयारी के लिए इंदौर भेजा। संजय ने हमेशा वर्षा को हौसला बढ़ाया।

पांचवे प्रयास में मिली सफलता

वर्षा ने एमपीपीएसी की परीक्षा में पांचवे प्रयास में सफलता हासिल की। पहले तीन प्रयास में वह इंटरव्यू तक पहुंचीं लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद वह निराश नहीं हुईं। चौथे प्रयास में भी सफलता न मिलने के बाद वह गर्भवती हुईं। लेकिन उन्होंने अपने पढ़ाई को जारी रखा।

22 जुलाई 2025 को सिजेरियन ऑपरेशन के जरिए उन्होंने बेटी को जन्म दिया। बेटी श्रीजा के जन्म के 26 दिन बाद वह 18 अगस्त को भोपाल फिर इंटरव्यू देने पहुंचीं। एमपीपीएससी परीक्षा 2024 में उन्होंने मेहनत रंग लायी और वह डीएसपी पद पर चयनित हुईं। इसके साथ ही उन्होंने महिला वर्ग में राज्य में पहली रैंक हासिल कर सभी गौरवान्वित किया।

Tags:    

Similar News