Friendship Day 2026: मित्रता पहले की तरह सार्थक पर अधिक अनुकूल है अब
Friendship Day 2026 पर जानिए कैसे सोशल मीडिया, तकनीक और बदलती जीवनशैली ने दोस्ती का स्वरूप बदल दिया है। सच्ची मित्रता, भरोसा, भावनात्मक जुड़ाव और डिजिटल रिश्तों का विश्लेषण।
Friendship Day 2026
Friendship Day 2026: आज मित्रता दिवस है, तब इससे बेहतर कौन सा दिन होगा, जब हम इस पर बात करें और इस विषय पर भी चर्चा करें कि क्या आज के समय में युवा पीढ़ी की मित्रता की अवधारणा पहले की तुलना में काफी बदल गई है। निःसंदेह आज तकनीक, सोशल मीडिया, करियर की प्रतिस्पर्धा और बदलती जीवनशैली ने मित्रता के अर्थ और स्वरूप दोनों को काफी प्रभावित किया है। अब अधिक जिम्मेदारियां, अधिक अवसर और जुड़ने के तरीके भी अधिक हो गए हैं। इसका अर्थ यह है कि अब मित्रता पहले की तरह सार्थक तो है ही पर और अधिक लचीली हो गई है। जब हम मित्रता की बात करते हैं तो इस पर हमेशा विचार जरूर किया जाता है लेकिन इस पर कभी ऐसा ध्यान नहीं जाता है, क्योंकि हमने मित्रता की अवधारणा को बहुत ही स्वाभाविक सा मान लिया है। ऐसा मान लिया है मानो इसे किसी परिभाषा की ही आवश्यकता न हो। क्योंकि किसी को अपना मित्र कह देना कोई अलग से रिश्ते में नहीं आता है, बल्कि जो लोग मिलते -जुलते हैं, जिनके साथ हम बाहर जाते हैं, जिनके साथ हम अपने वर्तमान की चर्चा करते हैं या जिनके साथ हम किसी कार्यक्रम में भाग लेते हैं, वे सभी हमारे मित्र हो जाते है। किसी के ऊपर पारस्परिक निर्भरता, हमारी साझा रुचियां, एक-दूसरे के प्रति अपना स्नेहा या हम एक- दूसरे को अपना आत्म प्रकटीकरण कैसे करते हैं, इन सब के माध्यम से ही उसके साथ हम अपनी मित्रता को परिभाषित कर पाते हैं।
अपनी इस मित्रता को हम औपचारिक मित्र, अच्छे मित्र या घनिष्ठ मित्र में इस आधार पर वर्गीकृत जरूर कर सकते हैं या कर लेते हैं कि हमारा मित्र हमारे कितने नजदीक है या उसके साथ हमारी आत्मीयता कैसी है। किन्ही मित्रों के साथ हम व्यक्तिगत मामलों पर भी बात कर लेते हैं, सलाह भी मांग लेते हैं, कुछ भौतिक आदान-प्रदान भी कर लेते हैं , वे हमारे घनिष्ठ मित्र हो जाते हैं। मित्रता क्योंकि कभी भी कार्योन्मुखी नहीं होती है बल्कि व्यक्ति उन्मुखी होती है। हमें कोई व्यक्ति पसंद आता है, तब हम उसके साथ अपनी मित्रता रखते हैं। किसी के साथ अगर कार्योन्मुखी मित्रता है तो वह औपचारिक मित्रता ही होती है। किसी मित्र के साथ में हमारी प्रतिबद्धता कैसी है , उस आधार पर हम मित्रों को अपने परिवार की तरह भी देखते हैं। परिवार में भाई-बहन, माता-पिता जैसे रिश्ते हमारे जन्मजात होते हैं लेकिन मित्र हमारे जन्मजात नहीं होते बल्कि हम उन्हें जन्मजात गुण दे सकते हैं जैसे हम बचपन का दोस्त, लंगोटिया यार आदि कहकर उन्हें अपने जन्मजात गुण देते हैं।
जब हम किसी से पूछते हैं कि किसी को मित्र कहने का क्या अर्थ है तो वह निश्चित तौर पर नैतिकता के बारे में बताने लगता है यानी वफादारी, स्थिरता, देखभाल, ईमानदारी, सत्यनिष्ठा, पारस्परिकता, स्वीकृति जैसे गुण मित्रता की सीमाओं को निर्धारित करने वाले अघोषित नियम जैसे बन जाते हैं, जैसे कि दुर्योधन और कर्ण की मित्रता। एक बात और मित्रों के बीच में अधिकार और सामर्थ्य या क्षमता में बहुत अधिक अंतर नहीं होना चाहिए। यह अलग बात है कि उनकी सामाजिक और आर्थिक संरचना अलग-अलग होती है। हालांकि ऐसा संभव नहीं होता क्योंकि एक जैसे लोग ही एक साथ रहते हैं और मित्रता भी उन्हीं लोगों के बीच में बनती है, जब उनकी सामाजिक पृष्ठभूमि, रुचि और जीवन भी अधिकांशतः समान होते हैं। अगर उनकी सामाजिक और आर्थिक संरचना एक दूसरे से बहुत अलग होती है तो हो सकता है कि उनकी मित्रता समाप्त हो जाए या उनके बीच में अगर सामर्थ्य और अधिकार में बहुत भिन्नता होती है तब भी ऐसा संभव होता है कि उनकी मित्रता समाप्त हो जाए। इसलिए दोस्ती का संबंध एक- दूसरे के साथ में भावनात्मक, प्रतीकात्मक और भौतिक आदान-प्रदान में भी संतुलन वाला होना चाहिए। वह स्वतंत्र और स्वैच्छिक भी होना चाहिए, किसी के ऊपर भी दबाव नहीं होना चाहिए, तभी उनके मित्रता की गुणवत्ता बेहतर रहेगी। अभी कितनी बार देखने में आता है कि कोई दोस्ती किसी उद्देश्य की पूर्ति का साधन मान ली जाती है या उसकी उपयोगिता पर दोस्ती निर्भर मान ली जाती है। जबकि ऐसा नहीं होना चाहिए। भौतिक संसाधनों का आदान-प्रदान दोस्ती की राह में एक पड़ाव हो सकता है, लेकिन कभी भी दोस्ती की राह में वह अंतिम लक्ष्य नहीं होना चाहिए। क्योंकि मित्रता का अर्थ ही एक-दूसरे पर भरोसा करना, बिना शर्त समर्थन करना और अच्छे और बुरे समय में एक- दूसरे के साथ रहना और चिंता दिखाना होता है। तभी एक घनिष्ठ मित्र को हम भाई जैसा या भाई ही है के रूप में पहचानते हैं। सच तो यह है कि यह दोस्ती ही होती है जो महसूस कराती है कि उन्हें समझा जा रहा है, देखा जा रहा है।
जैसे-जैसे हमारा जीवन आगे बढ़ता है, हमारे बने हुए रिश्ते भी बदलते हैं। कुछ दोस्ती जिंदगी भर चलती हैं ,कुछ लोग जीवन में किसी एक विशेष समय में आते हैं, महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और फिर चले जाते हैं। हमारे मित्रों में कोई हमारा भरोसेमंद सहकर्मी हो सकता है, कोई मित्र हमारा पड़ोसी हो सकता है, किसी मित्र से हम समान रुचि के कारण जुड़ते हैं, तो कभी मित्र हमारे समान जेंडर वाला हो सकता है तो कभी विपरीत जेंडर वाला भी हो सकता है, ऐसी बहुत सारी मित्रताएं होतीं हैं, वे हमारे व्यक्तित्व को आकर भी देती है और हमारे जीवन को भी एक दिशा देती हैं। दरअसल मित्रता मस्तिष्क के कुछ प्रमुख क्षेत्रों और बीटा-एंडोर्फिन द्वारा समर्थित होती है। बीटा-एंडोर्फिन का मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर प्रत्यक्ष लाभकारी प्रभाव होता है, इसलिए मित्रता का टूटना और अकेलापन इसके गंभीर दुष्प्रभाव पैदा करते हैं। इसीलिए शोध कहते हैं की कि किसी भी उम्र में दोस्ती की जा सकती है और उसे कायम रखा जा सकता है।
द अमेरिकन जर्नल ऑफ साइकियाट्री बताती है कि जिन लोगों के दोस्त और करीबी विश्वासपात्र होते हैं, वे अपने जीवन से अधिक संतुष्ट होते हैं , अवसाद से कम पीड़ित होते हैं और उनमें हृदय संबंधी समस्याओं समेत कई प्रकार की पुरानी बीमारियों से मृत्यु होने की संभावना भी कम होती है। मनोवैज्ञानिक रॉबर्ट स्टर्नबर्ग मानते हैं कि सच्ची दोस्ती घनिष्ठता और प्रतिबद्धता पर टिकी होती है, जहाँ आपसी भरोसा और प्रयास अहम हैं। एक प्रसिद्ध संचार और संबंध शोधकर्ता विलियम के. राउलिंस के अनुसार मित्रता एक स्वैच्छिक , व्यक्तिगत और समानता पर आधारित बंधन है। इसमें दोनों व्यक्ति अपनी मर्जी से जुड़ते हैं और अन्य पारिवारिक या व्यावसायिक रिश्तों की तुलना में अधिक भावनात्मक जुड़ाव व पारस्परिक जुड़ाव रखते हैं।
जब हम पहले की मित्रता और आज की मित्रता के विषय में बात करते हैं तो कई महत्वपूर्ण अंतर दिखाई देते हैं। यह अंतर सिर्फ समय का नहीं, बल्कि जीवनशैली, तकनीक, सामाजिक मूल्यों और सोच में आए बदलाव का भी है। पहले की मित्रता विश्वास, त्याग और आत्मीयता पर आधारित होती थी। कम मित्र, लेकिन संबंध बहुत गहरे और लंबे समय तक टिकते थे। लोग आमने-सामने मिलकर समय बिताते थे, सुख-दुख साझा करते थे और कठिन परिस्थितियों में बिना किसी स्वार्थ के साथ खड़े रहते थे। चिट्ठियों, मुलाकातों और व्यक्तिगत संवाद से रिश्तों में अपनापन बना रहता था। आज सोशल मीडिया और इंटरनेट ने मित्र बनाना बहुत ही आसान कर दिया है। अब बातचीत का बड़ा हिस्सा मोबाइल, चैट और वीडियो कॉल तक ही सीमित हो गया है। इनमें से कई बार मित्रता साझा रुचियों, नेटवर्किंग या लाभ के आधार पर भी बनती है। व्यस्त जीवनशैली के कारण रिश्तों को समय देना पहले की तुलना में कठिन हो गया है। अब परिस्थितियों के अनुसार संबंध बनाए और बदले जाते हैं। आज के युवा जाति, धर्म या सामाजिक पृष्ठभूमि से अधिक समान विचारों, शौक और रुचियों के आधार पर मित्र बनाते हैं, जिनसे वे बिना झिझक अपनी समस्याएँ साझा कर सकें। एक-दूसरे की निजी ज़िंदगी, करियर और व्यक्तिगत निर्णयों का सम्मान भी आज की मित्रता में महत्वपूर्ण माना जाता है। वे केवल साथ घूमने-फिरने का संबंध नहीं, बल्कि भावनात्मक सुरक्षा, विश्वास, समानता और परस्पर सम्मान का रिश्ता मानते हैं। साथ ही वे यह भी समझने लगें हैं कि सच्ची मित्रता "ऑनलाइन उपस्थिति" से नहीं, बल्कि कठिन समय में निभाए गए साथ से पहचानी जाती है। इसलिए आधुनिक मित्रता में डिजिटल संपर्क और मानवीय संवेदना—दोनों का संतुलन आवश्यक है। यह बात एक अच्छी है कि पहले जहां मित्रता समान जेंडर देखकर होती थी, वहीं नई पीढ़ी अब जेंडर निरपेक्ष है और वह मित्रता करते हुए जेंडर को प्रधानता नहीं देती है। बल्कि वह दोनों जेंडर में समान तरीके से ही मित्रता रखती है।
हिंदी साहित्य में मित्रता केवल दो व्यक्तियों के संबंध का विषय नहीं है, बल्कि विश्वास, त्याग, समानता, आत्मीयता और मानवीय मूल्यों का प्रतीक मानी गई है। विभिन्न कालों के साहित्यकारों ने इसे अलग-अलग दृष्टिकोणों और उदाहरणों से प्रस्तुत किया है। भक्ति साहित्य में मित्रता का सर्वोत्तम उदाहरण श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता सच्ची मित्रता का आदर्श है। रामचरितमानस में श्रीराम की मित्रता निषादराज गुह, सुग्रीव और विभीषण के साथ दिखाते हुए तुलसीदास ने बताया कि सच्चा मित्र संकट में साथ खड़ा रहता है । रहीम के दोहों में मित्रता पर अनेक शिक्षाप्रद दोहे मिलते हैं। जैसे-
"रहिमन विपदा हू भली, जो थोड़े दिन होय।हित-अनहित या जगत में, जानि परत सब कोय॥"
कबीर ने भी अपने दोहे में यही संदेश दिया है -
"संगत कीजे साधु की, हरे और की व्याधि।ओछी संगत नीच की, आठों पहर उपाधि॥"
मुंशी प्रेमचंद की कहानी 'पंच परमेश्वर' और डॉ राही मासूम रजा के उपन्यास 'टोपी शुक्ला' समेत कई कहानियों, बाल कहानियों, उपन्यासों में मित्रता सामाजिक संवेदना, सहयोग और नैतिकता से जुड़ी दिखाई देती है। उनके पात्रों के माध्यम से स्पष्ट होता है कि मित्रता केवल सुख की साझेदारी नहीं, बल्कि कठिन समय में साथ निभाने का भी नाम है। सभी को मित्रता दिवस की शुभकामनाएं।