टेस्ट क्रिकेट में भी कोहराम मचाएंगे वैभव सूर्यवंशी! पूर्व कप्तान ने कह दी बड़ी बात; बोले-ऐसा टैलेंट कभी नहीं देखा
टी20 क्रिकेट की ही तरह वैभव सूर्यवंशी क्या टेस्ट क्रिकेट में भी धमाल मचा सकते हैं। जानिए इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज कप्तान ने उनको लेकर क्या कहा है।
Vaibhav Sooryavanshi Test Cricket
Vaibhav Sooryavanshi Test Cricket: टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का डंका इस वक्त पूरी दुनिया में बज रहा है। कई दिग्गज विदेशी क्रिकेटर भी अब वैभव की बल्लेबाजी के मुरीद हो गए हैं। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलिस्टेयर कुक भी वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी से काफी ज्यादा प्रभावित हैं। कुक ने युवा भारतीय बल्लेबाज की जमकर सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पहले कभी किसी खिलाड़ी को इस अंदाज में बल्लेबाजी करते नहीं देखा। इसके अलावा उन्होंने वैभव को टेस्ट मैचों में भी खिलाने की बात कही है। उनका मानना है कि वैभव सूर्यवंशी टेस्ट क्रिकेट में भी इसी तरह से धमाल मचा सकते हैं।
टेस्ट क्रिकेट में भी धमाल मचा सकते हैं वैभव
एलिस्टेयर कुक का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी के अंदर सिर्फ टी20 क्रिकेट ही नहीं, बल्कि टेस्ट क्रिकेट में भी शानदार प्रदर्शन करने की क्षमता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वैभव खुद को केवल सफेद गेंद के क्रिकेट तक सीमित नहीं रखेंगे और लाल गेंद के क्रिकेट में भी अपनी प्रतिभा दिखाने की चुनौती स्वीकार करेंगे। कुक ने कहा कि वैभव जिस निरंतरता के साथ बड़े शॉट खेलते हैं, वह असाधारण है। तेज गेंदों पर भी उनकी प्रतिक्रिया और उन्हें छक्कों में बदलने की क्षमता उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाती है।
टेस्ट क्रिकेट को वैभव जैसे खिलाड़ियों की जरूरत
कुक ने कहा कि हर पीढ़ी को एक ऐसे खिलाड़ी की जरूरत होती है, जिसे देखकर बच्चे प्रेरित हो सकें। अगर वैभव तीनों फॉर्मेट में अपनी छाप छोड़ने में सफल रहते हैं तो इससे टेस्ट क्रिकेट को भी बड़ा फायदा होगा।
उन्होंने यह भी माना कि टेस्ट क्रिकेट में वैभव के सामने चुनौतियां होंगी। संभव है कि उन्हें शुरुआत में सफलता न मिले, लेकिन उन्हें इस फॉर्मेट में खुद को आजमाने से पीछे नहीं हटना चाहिए। कुक के मुताबिक, टेस्ट क्रिकेट को ऐसे खिलाड़ियों की जरूरत है जो नई चुनौतियों को स्वीकार करने का साहस रखते हों।
53 गेंदों में दोहरा शतक जड़कर मचाया था तहलका
वैभव सूर्यवंशी ने हाल ही में दोहा में खेले गए राइजिंग स्टार्स एशिया कप में यूएई के खिलाफ ऐतिहासिक पारी खेली थी। उन्होंने महज 53 गेंदों में 204 रन ठोक दिए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 28 छक्के और 7 चौके निकले थे। इस पारी के साथ उन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक और दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया था। इससे पहले आईपीएल में भी वैभव अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोर चुके हैं।
अब एलिस्टेयर कुक की इस तारीफ के बाद क्रिकेट फैंस की नजरें इस बात पर होंगी कि वैभव सफेद गेंद के क्रिकेट की तरह लाल गेंद के क्रिकेट में कब और कैसे अपनी पहचान बना पाते हैं।