अगर यह खिलाड़ी होता तो टीम इंडिया की नहीं होती ऐसी दुर्गति! आखिरी समय में क्यों टूर्नामेंट से नाम ले लिया था वापस?

Rising Stars Asia Cup 2026: टीम इंडिया का प्रदर्शन इस टूर्नामेंट में काफी निराशाजनक रहा। इसके बाद सवाल उठने लगे हैं कि क्या यह खिलाड़ी होता तो स्थिति अलग होती?

Update:2026-11-27 13:54 IST

Rising Stars Asia Cup 2026: राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में भारतीय टीम का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा। टीम इंडिया कई स्टार प्लेयर्स के साथ इस टूर्नामेंट में गई थी, उसके बावजूद एक भी बड़ी टीम के खिलाफ वो मैच नहीं जीत पाए। टीम को जिस तरह की शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा, उसने टीम मैनेजमेंट के फैसलों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ मिली हार के बाद भारतीय टीम को सेमीफाइनल में श्रीलंका के हाथों भी शिकस्त झेलनी पड़ी। लगातार दो अहम मुकाबलों में मिली हार ने भारतीय टीम के अभियान पर विराम लगा दिया।

इस प्रदर्शन के बीच टीम के एक बड़े बदलाव की भी काफी चर्चा हो रही है। दरअसल, टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले रजत पाटीदार ने अपना नाम वापस ले लिया था। उनकी जगह आयुष बदोनी को टीम में शामिल किया गया था। हालांकि बदोनी उस तरह का प्रदर्शन नहीं कर पाए और मिडिल ऑर्डर में रजत पाटीदार की कमी भारतीय टीम को काफी खली।

आखिरी समय पर रजत पाटीदार ने नाम लिया था वापस

रजत पाटीदार को इस टूर्नामेंट के लिए इंडिया ए टीम का उप कप्तान बनाया गया था। लेकिन उन्होंने आखिरी समय में चोट का हवाला देकर टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया था। इसके बाद चयनकर्ताओं ने उनकी जगह आयुष बदोनी को टीम में शामिल किया था। इस बदलाव के साथ ही रिंकू सिंह को टीम का उपकप्तान बनाया गया था।

हालांकि, अब टूर्नामेंट में भारतीय टीम के प्रदर्शन को देखते हुए इस बदलाव की चर्चा हो रही है। सवाल यह है कि अगर टीम के पास पाटीदार जैसा अनुभवी बल्लेबाज होता तो क्या मध्यक्रम को ज्यादा मजबूती मिल सकती थी? पाटीदार घरेलू क्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी से पहचान बना चुके हैं और उनसे इस टूर्नामेंट में भी काफी उम्मीदें थीं।

पाकिस्तान के खिलाफ खाता भी नहीं खोल सके बदोनी

पाकिस्तान ए के खिलाफ मुकाबले में आयुष बदोनी को बल्लेबाजी में अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिला, लेकिन वह इसे भुना नहीं सके। बदोनी महज 4 गेंदों का सामना करने के बाद बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। भारत के सामने पाकिस्तान ने 314 रनों का लक्ष्य रखा था, लेकिन भारतीय टीम 49.1 ओवर में 265 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान ने यह मुकाबला 48 रनों से जीत लिया।

इस मुकाबले में बदोनी ने गेंदबाजी करते हुए 5 ओवर में 18 रन देकर एक विकेट जरूर हासिल किया, लेकिन बल्लेबाजी में उनका योगदान शून्य रहा। ऐसे मुकाबले में जहां भारतीय टीम को मध्यक्रम से बड़ी साझेदारी की जरूरत थी, वहां उनका जल्दी आउट होना टीम के लिए एक और झटका साबित हुआ।

सेमीफाइनल में भी नहीं बदली टीम इंडिया की किस्मत

पाकिस्तान से हार के बाद भारतीय टीम के सामने सेमीफाइनल में श्रीलंका ए की चुनौती थी। इस मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 317 रन बनाए। वैभव सूर्यवंशी ने 40, अभिषेक शर्मा ने 78 और कप्तान तिलक वर्मा ने 53 रनों की पारी खेली। वहीं शाहबाज अहमद ने नाबाद 54 रन बनाए। इसके बावजूद भारतीय गेंदबाज इस लक्ष्य का बचाव नहीं कर सके। श्रीलंका ने महज 41.3 ओवर में 2 विकेट खोकर 318 रन बना लिए और भारत को 8 विकेट से हरा दिया।

इस मुकाबले में आयुष बदोनी प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे और उन्हें बेंच पर बैठना पड़ा। यानी जिस खिलाड़ी को टूर्नामेंट से पहले एक अहम बल्लेबाजी विकल्प के तौर पर टीम में शामिल किया गया था। जिसे रजत पाटीदार जैसे अनुभवी बल्लेबाज की जगह शामिल किया गया था, उसे सेमीफाइनल की प्लेइंग इलेवन से अपनी जगह गंवानी पड़ी।

क्या रजत पाटीदार जैसे अनुभवी बल्लेबाज की कमी खली?

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या रजत पाटीदार की गैरमौजूदगी भारतीय टीम को भारी पड़ी? क्योंकि रजत पाटीदार एक ऐसे खिलाड़ी हैं जो पारी को संवारना जानते हैं और जरूरत पड़ने पर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी भी कर सकते हैं। उन्होंने आईपीएल में कई धुआंधार पारियां खेली थीं। इसके अलावा अगर वह खेलते तो कप्तानी में तिलक वर्मा को काफी मदद मिलती, क्योंकि रजत पाटीदार की कप्तानी में ही आरसीबी ने आईपीएल का टाइटल अपने नाम किया था। ऐसे में यह कहा जा सकता है कि रजत पाटीदार की कमी टीम इंडिया को काफी ज्यादा खली। अगर वह टीम में होते तो शायद नतीजा कुछ और हो सकता था।

Tags:    

Similar News