हर बार फ्लॉप, फिर भी टीम में शामिल! हर्षित राणा की अब होगी टीम इंडिया से छुट्टी? कब तक बचाएंगे गौतम गंभीर
राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में हर्षित राणा का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। पाकिस्तान के खिलाफ आक्रामक रवैये और महंगी गेंदबाजी के बाद टीम इंडिया में उनके चयन पर सवाल उठ रहे हैं।
Harshit Rana, Gautam Gambhir
Harshit Rana Flop Performance: भारतीय टीम के राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 से बाहर होने के बाद एक खिलाड़ी जिसकी सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, वह हर्षित राणा हैं। इस टूर्नामेंट में उनका परफॉर्मेंस निरंतरता के लिहाज से निराशाजनक रहा। पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में वह काफी महंगे साबित हुए, जबकि श्रीलंका के खिलाफ सेमीफाइनल में भी उनका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। इतना ही नहीं, पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर उनका आक्रामक रवैया भी चर्चा का विषय बन गया। ऐसे में सवाल उठने लगे हैं कि क्या हर्षित राणा को टीम इंडिया में लगातार मौके मिलते रहने चाहिए या अब उनके चयन पर नए सिरे से विचार करने का समय आ गया है?
पाकिस्तान के खिलाफ जरूरत से ज्यादा आक्रामकता, परफॉर्मेंस जीरो
इंडिया ए और पाकिस्तान ए के बीच खेले गए मुकाबले में हर्षित राणा गेंद से प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे। उन्होंने अपने 10 ओवर के स्पेल में 77 रन खर्च किए और दो विकेट हासिल किए। उनकी इकॉनमी 7.70 रही। पाकिस्तान ए ने इस मुकाबले में 313 रन बनाए और भारतीय टीम को 48 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
हर्षित ने इस मैच में दो विकेट जरूर हासिल किए, लेकिन इतने रन खर्च करने के बाद उनकी गेंदबाजी पर सवाल उठना लाजिमी था। बल्लेबाजी में भी वह कुछ खास नहीं कर सके और दो गेंदों पर खाता खोले बिना आउट हो गए। उन्होंने इस मैच में जरूरत से ज्यादा आक्रामकता दिखाई लेकिन उनका परफॉर्मेंस वैसा नहीं रहा। इसी वजह से उनकी काफी ज्यादा आलोचना हुई।
प्रदर्शन से ज्यादा आक्रामक रवैये की चर्चा
पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में हर्षित राणा का आक्रामक अंदाज भी देखने को मिला। मैच के दौरान पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ उनकी नोकझोंक हुई। मुकाबले के आखिर में उनके आउट होने के बाद भी मैदान पर दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच तनाव देखने को मिला और अंपायरों को बीच-बचाव करना पड़ा।
क्रिकेट में आक्रामकता और जोश को गलत नहीं कहा जा सकता, लेकिन जब खिलाड़ी का प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतरता तो उसके रवैये पर भी सवाल उठने लगते हैं। सोशल मीडिया पर भी हर्षित के व्यवहार और प्रदर्शन को लेकर आलोचना देखने को मिली।
श्रीलंका के खिलाफ सेमीफाइनल में भी नहीं चला जादू
पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के बाद श्रीलंका ए के खिलाफ सेमीफाइनल में भी हर्षित राणा प्रभावशाली गेंदबाजी नहीं कर सके। उन्होंने सात ओवर में 61 रन खर्च किए और सिर्फ एक ही विकेट ले पाए। उनकी इकॉनमी 8.71 रही। भारतीय टीम को इस मुकाबले में आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा और सितारों से सजी टीम इंडिया फाइनल से बाहर हो गई।
पूरे टूर्नामेंट की बात करें तो हर्षित ने चार मुकाबलों में सिर्फ आठ विकेट हासिल किए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नेपाल के खिलाफ रहा, जहां उन्होंने 16 रन देकर चार विकेट लिए। लेकिन 8.35 की इकॉनमी रेट से 217 रन भी लुटाए। इसके अलावा पाकिस्तान और श्रीलंका जैसी बड़ी टीमों के खिलाफ भी उन्होंने निराश किया। इसी वजह से उनके ऊपर लगातार सवाल उठ रहे हैं।
गौतम गंभीर की पसंद होने का मिल रहा है फायदा?
हर्षित राणा के चयन को लेकर यही चर्चा फैंस के बीच होती है कि हेड कोच गौतम गंभीर का करीबी होने की वजह से उन्हें इतने मौके लगातार मिलते हैं। फैंस का मानना है कि हर्षित राणा लगातार फ्लॉप हो रहे हैं लेकिन इसके बावजूद गौतम गंभीर उन्हें लगातार मौके दे रहे हैं। इसके लिए गौतम गंभीर की भी सोशल मीडिया पर काफी आलोचना होती है। गौतम गंभीर के ऊपर लगातार आरोप लगते रहे हैं कि जब वह कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के कोच थे, तभी से हर्षित को पसंद करते रहे हैं। इसी वजह से उन्हें फ्लॉप परफॉर्मेंस के बावजूद इतने मौके मिल रहे हैं।
क्या अब टीम इंडिया से हर्षित राणा की होनी चाहिए छुट्टी?
हर्षित राणा में तेज गति से गेंदबाजी करने और विकेट निकालने की क्षमता है। नेपाल के खिलाफ उनका चार विकेट लेना इसका उदाहरण है। लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में केवल क्षमता काफी नहीं होती। बड़े मुकाबलों में दबाव संभालना, रन रोकना और लगातार अच्छा प्रदर्शन करना भी जरूरी है। भारतीय टीम में तेज गेंदबाजों के लिए प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है। ऐसे में हर्षित के चयन का मूल्यांकन भी उनके हालिया प्रदर्शन और निरंतरता के आधार पर होना चाहिए। उन्हें लगातार मौके देने के बजाय यह देखना जरूरी है कि वे उन मौकों का कितना फायदा उठा पा रहे हैं।
अब बड़ा सवाल यही है कि क्या टीम प्रबंधन हर्षित राणा को उनके अनुभव और क्षमता के आधार पर आगे भी मौका देता रहेगा या फिर उन्हें कुछ समय के लिए बाहर रखकर दूसरे तेज गेंदबाजों को आजमाने पर विचार करेगा?