204 रन की ऐतिहासिक पारी के बाद वैभव सूर्यवंशी का बल्ला पड़ा ठंडा, श्रीलंका के खिलाफ बनाए इतने रन
श्रीलंका ए के खिलाफ एशिया कप राइजिंग स्टार्स के सेमीफाइनल में वैभव सूर्यवंशी 27 गेंदों पर 40 रन बनाकर आउट हुए। यूएई के खिलाफ उन्होंने 204 रन ठोके थे।
Vaibhav Suryavanshi
Vaibhav Suryavanshi Score: एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के पहले सेमीफाइनल में श्रीलंका ए के खिलाफ भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी बड़ी पारी खेलने से चूक गए। यूएई के खिलाफ पिछले मुकाबले में 53 गेंदों पर 204 रन की विस्फोटक पारी खेलने वाले वैभव से एक बार फिर तूफानी बल्लेबाजी की उम्मीद थी। हालांकि, वह 27 गेंदों पर 40 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
वैभव ने अपनी पारी में 4 चौके और 3 छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 148.15 का रहा। उन्होंने अभिषेक शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 48 गेंदों पर 80 रन की तेज साझेदारी की। इस साझेदारी ने भारत ए को मजबूत शुरुआत दिलाई।
पुल शॉट खेलने के प्रयास में गंवाया विकेट
वैभव सूर्यवंशी को श्रीलंका ए के तेज गेंदबाज जनिथ लियानागे ने आउट किया। लियानागे की शॉर्ट गेंद पर वैभव ने पुल शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके बल्ले पर ठीक से नहीं आई। मिड-ऑन पर मौजूद लसिथ क्रूसपुल्ले ने पीछे की ओर जाकर उनका कैच लपक लिया। वैभव 80 रन के टीम स्कोर पर आउट हुए।
यूएई के खिलाफ ठोके थे 204 रन
इससे पहले वैभव सूर्यवंशी ने यूएई के खिलाफ मुकाबले में गेंदबाजों की जमकर धुनाई की थी। उन्होंने महज 53 गेंदों पर 204 रन बनाए थे। उनकी पारी में 7 चौके और 28 छक्के शामिल थे। उस धमाकेदार प्रदर्शन के बाद सेमीफाइनल में भी उनसे बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही थी। हालांकि वैभव सूर्यवंशी अपने उस प्रदर्शन को सेमीफाइनल मुकाबले में नहीं दोहरा पाए। उनसे इस मैच में भी काफी बड़ी पारी की उम्मीद की गई थी लेकिन अर्धशतक बनाने से पहले ही वह आउट हो गए।
टीम इंडिया अगर इस मैच को जीतती है तो फिर फाइनल में चली जाएगी। जहां उसका मुकाबला पाकिस्तान और बांग्लादेश में जीतने वाली टीम से होगा। पाकिस्तान की टीम लीग स्टेज में भारतीय टीम को बुरी तरह हरा चुकी है। हालांकि भारतीय टीम की निगाहें टाइटल जीतने पर होंगी।