टीम इंडिया को मिलेगा सेमीफाइनल का टिकट? इस टीम से अगला मुकाबला, प्लेइंग XI में बदलाव तय!
पाकिस्तान से हार के बाद तिलक वर्मा की टीम UAE से भिड़ेगी। क्या जीत के साथ टीम इंडिया सेमीफाइनल में पहुंचेगी?
Image Source – Social Media
IND A vs UAE A: पाकिस्तान के खिलाफ मिली हार के बाद अब टीम इंडिया की निगाहें वापसी करने पर हैं। भारतीय टीम का अगला मैच यूएई से है। सेमीफाइनल के लिहाज से यह मुकाबला भारत के लिए बेहद अहम है। अगर टीम इंडिया इस मुकाबले में जीत हासिल करती है तो फिर उनका सेमीफाइनल का टिकट पक्का हो जाएगा। हालांकि अगर गलती से भारतीय टीम मुकाबला हार जाती है तो फिर भारत के सेमीफाइनल की राह काफी मुश्किल हो जाएगी और उन्हें दूसरी टीमों की हार-जीत पर निर्भर रहना पड़ेगा।
भारत का अगला मैच UAE से है
भारत और यूएई के बीच ग्रुप-बी का यह मुकाबला मंगलवार, 24 नवंबर को दोहा में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार मैच सुबह 11:30 बजे से शुरू होगा। पाकिस्तान ए के खिलाफ पिछले मुकाबले में भारत को 314 रन का लक्ष्य मिला था, लेकिन टीम 265 रन पर ही सिमट गई थी। कप्तान तिलक वर्मा ने शतक लगाया था, जबकि अभिषेक शर्मा ने 70 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली थी। हालांकि इसके बावजूद टीम इंडिया जीत हासिल नहीं कर पाई थी।
अगर जीते तो सेमीफाइनल में एंट्री
पाकिस्तान की टीम ग्रुप बी में दो लगातार जीत के साथ पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है। भारत और नेपाल के खाते में दो-दो अंक हैं, जबकि UAE अपने दोनों मुकाबले गंवा चुका है। भारत के लिए अच्छी बात यह है कि उसका नेट रन रेट नेपाल से काफी बेहतर है। भारत का नेट रन रेट +2.580 है, जबकि नेपाल का -2.461 है। ऐसे में UAE के खिलाफ जीत भारत को सीधे अगले दौर में पहुंचा देगी।
प्लेइंग इलेवन में हो सकते हैं बदलाव
पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में कुछ कमियां नजर आई थीं। अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा को छोड़कर बाकी बल्लेबाज बड़ा योगदान नहीं दे सके थे। वहीं गेंदबाज भी पाकिस्तान को बड़ा स्कोर बनाने से नहीं रोक पाए थे।ऐसे में UAE के खिलाफ टीम मैनेजमेंट प्लेइंग इलेवन में बदलाव पर विचार कर सकता है। आयुष बदोनी या किसी एक गेंदबाज को एकादश से बाहर रखा जा सकता है।