IND vs PAK : फाइनल में जीत के बाद भारत ने क्यों किया था आक्रामक सेलिब्रेशन? युवा खिलाड़ी ने खोला राज

IND vs PAK: अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारतीय खिलाड़ियों के आक्रामक सेलिब्रेशन के पीछे बड़ी वजह सामने आई है। युवा खिलाड़ी ने बताया कि भारत ने क्यों इस तरह का सेलिब्रेशन किया था।

Update:2026-11-16 08:29 IST

Image Source – Social Media

IND vs PAK Final: भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में शानदार खेल दिखाया और ट्रॉफी अपने नाम की। टीम इंडिया ने आखिरी गेंद पर चौके से जीत हासिल की और पाकिस्तान से मिली पिछली हार का बदला लिया। इस जबरदस्त जीत के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने जिस तरह का आक्रामक सेलिब्रेशन किया, वो इस वक्त चर्चा का विषय बना हुआ है। हर कोई इस बारे में बात कर रहा है। वहीं टीम इंडिया के युवा खिलाड़ी यशवीर गौड़ ने बताया कि आखिर क्यों भारत ने ट्रॉफी जीतने के बाद इतना आक्रामक सेलिब्रेशन किया। उन्होंने इसके पीछे बड़ी वजह बताई है।

यशवीर के मुताबिक, इसके पीछे दिवाली के दिन भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया ग्रुप स्टेज का मुकाबला था। उस मैच में पाकिस्तान ने भारत को तीन विकेट से हराया था। मुकाबले के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच कहासुनी हुई थी और गाली-गलौज भी हुई थी। हार के कारण भारतीय खिलाड़ी उस समय मैदान पर कोई जवाब नहीं दे सके थे।

दिवाली पर मिली हार का लेना था हिसाब

यशवीर गौड़ ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया कि दिवाली पर मिली हार के बाद जिस तरह से पाकिस्तान ने सेलिब्रेट किया था, उसके बाद भारतीय खिलाड़ी फाइनल का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने कहा, "हम दिवाली पर मैच हार गए थे। उसके बाद हमारे बीच कुछ कहासुनी हुई थी, जिसमें गाली-गलौज भी शामिल था। चुंकि हम मैच हार गए थे, तो उस समय कुछ नहीं कह सके। हम बस फाइनल का इंतजार कर रहे थे। हम अच्छा प्रदर्शन करना चाहते थे और दिखाना चाहते थे कि भारत क्या कर सकता है।"

‘जो उन्होंने किया था, हमने उसका जवाब दिया’

यशवीर ने फाइनल के बाद भारतीय खिलाड़ियों के आक्रामक जश्न पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया के खिलाड़ी वैसा ही कर रहे थे, जैसा उन्होंने पहले पाकिस्तानी खिलाड़ियों को करते देखा था। उन्होंने कहा, "हम वही कर रहे थे, जो उन्होंने किया था। वे चुप थे और हम भी चुप थे। हमने भारतीय जर्सी पहन रखी थी। हम इस पल का इंतजार कर रहे थे। हर कोई भावुक था।"

भारत ने आखिरी गेंद पर हासिल की थी जीत

भारत और पाकिस्तान के बीच 14 नवंबर को अंडर-19 एशिया कप का फाइनल मुकाबला खेला गया। यह मैच इतना रोमांचक था कि आखिरी गेंद तक चला। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवरों में 337 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 252 रन पर ही आठ विकेट गंवा चुकी थी। ऐसा लग रहा था कि पाकिस्तान आसानी से मुकाबला जीत जाएगा। लेकिन मनल चौहान और मोहित उल्वा ने नौवें विकेट के लिए 57 रनों की अहम साझेदारी कर मैच का रुख बदल दिया।

Tags:    

Similar News