ICC में जय शाह का दबदबा बरकरार, लगातार दूसरी बार निर्विरोध बने चेयरमैन;अब क्या होगा अगला प्लान?
Jay Shah ICC Chairman: जय शाह लगातार दूसरी बार निर्विरोध ICC चेयरमैन चुने गए हैं। उनके दूसरे कार्यकाल में 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी सबसे बड़ी चुनौती होगी।
Image Source – Social Media
Jay Shah ICC Chairman: जय शाह को लगातार दूसरी बार इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) का चेयरमैन चुन लिया गया है। इस बार भी उन्हें किसी तरह की चुनौती नहीं मिली और इस तरह वो निर्विरोध ICC के चेयरमैन चुन लिए गए। इससे ICC में जय शाह के दबदबे का पता चलता है। इंडोनेशिया के बाली में हुई ICC बोर्ड की बैठकों के दौरान उनके दूसरे कार्यकाल पर मुहर लगी।
जय शाह का दूसरा कार्यकाल ऐसे समय में शुरू हो रहा है, जब क्रिकेट 128 साल बाद ओलंपिक में वापसी की तैयारी कर रहा है। लॉस एंजिल्स में 2028 में होने वाले ओलंपिक खेलों में क्रिकेट को शामिल किया गया है। ऐसे में जय शाह के सामने क्रिकेट को दुनिया के नए बाजारों तक पहुंचाने और ओलंपिक में उसकी सफल वापसी सुनिश्चित करने की अहम जिम्मेदारी होगी।
जय शाह ने दूसरी बार ICC का चेयरमैन बनने पर क्या कहा?
जय शाह ने दूसरी बार ICC का चेयरमैन बनाए जाने को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा “ICC बोर्ड ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उससे मैं बेहद सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैं सभी निदेशकों का उनके निरंतर विश्वास और समर्थन के लिए दिल से आभार व्यक्त करता हूं। ICC चेयरमैन के रूप में काम करना मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। मैं दुनिया भर में क्रिकेट के हितों को आगे बढ़ाने के लिए ICC के सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हूं। 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक (LA28) में क्रिकेट की वापसी हमारे खेल को नए दर्शकों तक पहुंचाने और खिलाड़ियों तथा प्रशंसकों की नई पीढ़ी को प्रेरित करने का एक असाधारण अवसर है। मेरा हमेशा से मानना रहा है कि क्रिकेट की सबसे बड़ी ताकत लोगों को एक साथ जोड़ने की इसकी क्षमता है।“
2028 ओलंपिक पर रहेगी जय शाह की नजर
जय शाह के दूसरे कार्यकाल की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक क्रिकेट की ओलंपिक में वापसी होगी। लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 में क्रिकेट टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा। पुरुष और महिला दोनों वर्गों में छह-छह टीमें हिस्सा लेंगी। 128 साल के लंबे अंतराल के बाद क्रिकेट फिर ओलंपिक का हिस्सा बनने जा रहा है। जय शाह के सामने चुनौती होगी कि किस तरह ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी होती है और यह कितना सफल रहता है।
BCCI अध्यक्ष भी रह चुके हैं जय शाह
जय शाह ने 1 दिसंबर 2024 को ICC चेयरमैन का पद संभाला था। उनसे पहले न्यूजीलैंड के ग्रेग बार्कले इस पद पर थे। जय शाह इससे पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव के रूप में काम कर चुके हैं। वह 2019 में BCCI के सचिव बने थे। इसके अलावा उन्होंने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली। अब लगातार दूसरी बार ICC चेयरमैन बनने के बाद उनका कार्यकाल क्रिकेट के वैश्विक विस्तार और ओलंपिक में वापसी की तैयारियों के लिहाज से अहम रहने वाला है।