Citroen e-C3X Price Cut 2026: इलेक्ट्रिक कार खरीदना हुआ आसान...Citroen e-C3X की कीमत में बड़ा बदलाव, जानें पूरी डिटेल
Citroen e-C3X Price Cut 2026: बैटरी-एज-अ-सर्विस मॉडल के साथ Citroen e-C3X की शुरुआती कीमत घटकर ₹6.89 लाख हो गई है, जबकि एक चार्ज में 325KM तक की रेंज का दावा किया गया है।
Citroen e-C3X Price Cut 2026
Citroen e-C3X Price Cut 2026: विस्तार लेते भारतीय EV बाजार में अब तेजी से अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी से लैस कारों की मौजूदगी दर्ज होती जा रही है। ऐसे में इलेक्ट्रिक कार बाजार में प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है और इसी बीच सिट्रॉन ने अपनी अपडेटेड e-C3X इलेक्ट्रिक कार लॉन्च कर ग्राहकों को बड़ा सरप्राइज दिया है। कंपनी ने इसे नए बैटरी-एज-अ-सर्विस (BaaS) मॉडल के साथ पेश किया है, जिससे शुरुआती कीमत काफी कम हो गई है। अब ग्राहक केवल 6.89 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर इस इलेक्ट्रिक कार को घर ला सकते हैं। बेहतर रेंज, नए फीचर्स और SUV जैसे डिजाइन के साथ यह कार उन लोगों को आकर्षित कर सकती है जो कम बजट में लंबी रेंज वाली EV खरीदना चाहते हैं।
BaaS मॉडल से सस्ती हुई इलेक्ट्रिक कार
सिट्रॉन ने e-C3X को बैटरी-एज-अ-सर्विस मॉडल के साथ लॉन्च किया है। इस मॉडल में ग्राहक वाहन खरीदते समय बैटरी की पूरी कीमत नहीं चुकाते, बल्कि उसके उपयोग के आधार पर भुगतान करते हैं।
कंपनी इस योजना के तहत 2.26 रुपये प्रति किलोमीटर का बैटरी शुल्क लेती है। यही वजह है कि कार की शुरुआती कीमत घटकर 6.89 लाख रुपये रह जाती है। वहीं बैटरी समेत इसकी एक्स-शोरूम कीमत 10.25 लाख रुपये से शुरू होती है।
यह मॉडल उन ग्राहकों के लिए फायदेमंद माना जा रहा है जो इलेक्ट्रिक वाहन खरीदना चाहते हैं लेकिन शुरुआती निवेश कम रखना चाहते हैं।
SUV जैसा लुक और नए डिजाइन अपडेट
नई e-C3X को पहले से ज्यादा प्रीमियम बनाने के लिए कंपनी ने कई कॉस्मेटिक बदलाव किए हैं। इसमें फुल LED हेडलैम्प्स, LED डे-टाइम रनिंग लाइट्स (DRLs) और नए R15 डायमंड-कट अलॉय व्हील्स दिए गए हैं।
इसके अलावा इलेक्ट्रिकली एडजस्टेबल और ऑटो-फोल्डिंग ORVMs, फ्रंट फॉग लैंप्स, फ्रंट और रियर स्किड प्लेट्स तथा खास X बैजिंग इसकी पहचान को और मजबूत बनाती है। 170 मिमी का ग्राउंड क्लीयरेंस भारतीय सड़कों के हिसाब से इसे अधिक व्यावहारिक बनाता है। कंपनी इसे पोलर व्हाइट, स्टील ग्रे, कॉस्मो ब्लू, पर्ला नेरा ब्लैक, गार्नेट रेड और डीप फॉरेस्ट ग्रीन समेत छह रंगों में उपलब्ध करा रही है।
केबिन को मिला नया इलेक्ट्रिक ब्लू थीम
कार के इंटीरियर को भी नया रूप दिया गया है। इसमें 'इलेक्ट्रिक ब्लू' थीम वाला केबिन दिया गया है, जो इसे अलग पहचान देता है। टॉप वेरिएंट्स में ड्यूल-टोन लेदरेट सीट अपहोल्स्ट्री और मैचिंग ब्लू डैशबोर्ड फिनिश देखने को मिलती है। सुविधाओं की बात करें तो इसमें 10.25 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और ऐपल कारप्ले, 7 इंच का TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वायरलेस फोन चार्जर और इलेक्ट्रोक्रोमिक IRVM जैसे फीचर्स दिए गए हैं। कंपनी ने इसमे कनेक्टेड कार 2.0 टेक्नोलॉजी भी जोड़ी है। वहीं प्रीमियम ग्राहकों के लिए JBL ऑडियो पैकेज और फ्रंट-रियर डैशकैम का विकल्प भी उपलब्ध कराया गया है।
सिंगल चार्ज में चलेगी 325 किलोमीटर
नई e-C3X में 29.2kWh का बैटरी पैक दिया गया है। कंपनी का दावा है कि यह इलेक्ट्रिक कार एक बार चार्ज होने पर 325 किलोमीटर तक की रेंज देने में सक्षम है। यह पहले के मुकाबले लगभग 79 किलोमीटर ज्यादा है।
परफॉर्मेंस के लिहाज से कार 0 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार केवल 6.8 सेकेंड में पकड़ सकती है। इसकी अधिकतम गति 107 किलोमीटर प्रति घंटा है। चार्जिंग की बात करें तो सामान्य चार्जर से बैटरी को 10 प्रतिशत से 100 प्रतिशत तक चार्ज होने में लगभग 10 घंटे 30 मिनट का समय लगता है।
टाटा और MG की EVs को मिलेगी चुनौती
भारतीय बाजार में नई सिट्रोन e-C3X का मुकाबला मुख्य रूप से टाटा टियागो EV और MG कॉमेट EV जैसी लोकप्रिय इलेक्ट्रिक कारों से होगा। हालांकि e-C3X की सबसे बड़ी ताकत इसकी लंबी रेंज, SUV जैसा डिजाइन और BaaS मॉडल के जरिए कम शुरुआती कीमत है।
तेजी से बढ़ते EV बाजार में सिट्रॉन का यह कदम ग्राहकों को अधिक किफायती विकल्प देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में जो लोग पेट्रोल-डीजल की बढ़ती लागत से परेशान हैं और पहली इलेक्ट्रिक कार खरीदने की योजना बना रहे हैं, उनके लिए नई e-C3X एक आकर्षक विकल्प बन सकती है।