Northeast Hill Stations: बादल, पहाड़ और झरनों का जादू... नॉर्थ-ईस्ट के ये 10 हिल स्टेशन गर्मियों में बनेंगे परफेक्ट डेस्टिनेश
Best Hill Stations in Northeast India: तवांग से शिलॉन्ग तक, जानिए नॉर्थ-ईस्ट इंडिया के 10 खूबसूरत हिल स्टेशन जहां गर्मियों में मिलेगा सुकून और शानदार मौसम
10 Best Hill Stations in Northeast India 2026
Best Hill Stations in Northeast India: तपती गर्मी के कहर से राहत पाने के लिए आज कल ज्यादातर लोग पहाड़ों का रुख कर रहे हैं, लेकिन अगर आप भीड़भाड़ वाले टूरिस्ट स्पॉट्स से अलग कुछ तलाश रहे हैं तो नॉर्थ-ईस्ट इंडिया आपके लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन साबित हो सकता है। यहां की पहाड़ियां सिर्फ खूबसूरत नहीं हैं, बल्कि हर मोड़ पर एक नया अनुभव भी देती हैं। कहीं बादलों के बीच छिपे गांव हैं तो कहीं पहाड़ों पर बने पुराने मठ। कहीं झरनों की आवाज सुनाई देती है तो कहीं चाय बागानों के बीच से गुजरती ट्रेनें सफर को यादगार बना देती हैं। नॉर्थ-ईस्ट के हिल स्टेशन बाकी जगहों से इसलिए भी अलग माने जाते हैं क्योंकि यहां की संस्कृति, खानपान और लोकल लाइफ लोगों को एक बिल्कुल नया अनुभव देती है। यही वजह है कि अब बड़ी संख्या में पर्यटक दार्जिलिंग या मनाली से आगे बढ़कर नॉर्थ-ईस्ट की ओर रुख कर रहे हैं।
तवांग
अपनी अदम्य प्राकृतिक सुंदरता के बीच बसा अरुणाचल प्रदेश का तवांग अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के साथ-साथ बौद्ध संस्कृति के लिए भी दुनियाभर में जाना जाता है। समुद्र तल से करीब 10 हजार फीट की ऊंचाई पर बसे इस शहर का मौसम गर्मियों में भी बेहद ठंडा और सुहावना बना रहता है। यहां स्थित तवांग मठ भारत का सबसे बड़ा और दुनिया के प्रमुख बौद्ध मठों में से एक माना जाता है। तवांग आने वाले पर्यटक सेलापास, बुमला पास और शोंग-त्सेर झील जैसी जगहों पर घूमना पसंद करते हैं। एडवेंचर पसंद करने वालों के लिए यहां बाइक ट्रिप और हाई-एल्टीट्यूड रोड जर्नी बेहद खास अनुभव बन जाती है।
जीरो वैली
अरुणाचल प्रदेश की जीरो वैली अपनी हरियाली और शांत माहौल के लिए दुनियाभर में मशहूर है। यहां फैले धान के खेत और पाइन के जंगल इस जगह को बेहद खूबसूरत बना देते हैं। जीरो वैली यूनेस्को की टेंटेटिव लिस्ट में भी शामिल रह चुकी है। यहां की सबसे खास बात अपातानी जनजाति की संस्कृति है। पर्यटक यहां लोकल गांवों में होम-स्टे का लुत्फ लेते हैं और पारंपरिक खानपान का स्वाद भी चखते हैं। हर साल होने वाला जीरो म्यूजिक फेस्टिवल युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय है।
चेरापूंजी
अगले बेस्ट समर डेस्टिनेशन में मेघालय में बसे चेरापूंजी का नाम आता है। यह सिर्फ दुनिया में सबसे ज्यादा बारिश वाले इलाकों में ही शामिल नहीं है, बल्कि यहां की प्राकृतिक खूबसूरती भी लोगों को आकर्षित करती है। गर्मियों में यहां मौसम काफी सुहावना रहता है और बादलों से ढकी पहाड़ियां किसी फिल्मी दृश्य जैसी दिखाई देती हैं।
यहां के लिविंग रूट ब्रिज पर्यटकों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण हैं। पेड़ों की जड़ों से बने ये पुल स्थानीय लोगों की अनोखी इंजीनियरिंग और प्रकृति के साथ तालमेल का शानदार उदाहरण माने जाते हैं। ट्रेकिंग और झरनों की खोज यहां आने वालों की पसंदीदा गतिविधियों में शामिल है।
हफलॉन्ग
असम का हफलॉन्ग अभी भी बड़े स्तर पर टूरिस्ट भीड़ से बचा हुआ है। यही वजह है कि यहां आने वाले लोगों को एक अलग तरह की शांति महसूस होती है। हफलॉन्ग झील, पहाड़ियां और हरियाली इस जगह को बेहद खास बनाते हैं।
यहां लोकल जनजातियों की संस्कृति भी लोगों को काफी आकर्षित करती है। पहाड़ियों के बीच बसे छोटे गांव और लोकल बाजार इस जगह को एक अलग पहचान देते हैं।
कालिम्पोंग
पश्चिम बंगाल का कालिम्पोंग दार्जिलिंग के मुकाबले कम भीड़भाड़ वाला हिल स्टेशन माना जाता है। यहां पुराने चर्च, बौद्ध मठ और पहाड़ियों के बीच बने छोटे बाजार लोगों को काफी पसंद आते हैं।
कालिम्पोंग एडवेंचर गतिविधियों के लिए भी मशहूर है। यहां पैराग्लाइडिंग, रिवर राफ्टिंग और ट्रेकिंग का अनुभव लिया जा सकता है। यहां की तिब्बती और नेपाली संस्कृति शहर को अलग पहचान देती है।
आइजोल
मिजोरम की राजधानी आइजोल पहाड़ियों के बीच बसा बेहद सुंदर शहर है। यहां घर पहाड़ों की ढलानों पर बने दिखाई देते हैं और सुबह-शाम धुंध पूरे शहर को ढक लेती है। आइजोल का शांत माहौल और साफ-सफाई पर्यटकों को काफी पसंद आती है। यहां के चर्च, लोकल बाजार और मिजो संस्कृति लोगों को नॉर्थ-ईस्ट की असली झलक दिखाते हैं।
दार्जिलिंग
दार्जिलिंग को पूर्वी भारत का सबसे लोकप्रिय हिल स्टेशन कहा जाता है। चाय बागान, टॉय ट्रेन और कंचनजंगा के खूबसूरत दृश्य इसे खास बनाते हैं। यहां सुबह-सुबह टाइगर हिल से सूर्योदय देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे को यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज का दर्जा भी मिला हुआ है। यहां का लोकल खाना और तिब्बती बाजार भी लोगों को काफी पसंद आते हैं।
गंगटोक
सिक्किम की राजधानी गंगटोक अपनी साफ-सफाई और शांत माहौल के लिए मशहूर है। यहां की सड़कें, पहाड़ियों के बीच बसे मठ और रंग-बिरंगे बाजार पर्यटकों को काफी आकर्षित करते हैं।
गंगटोक आने वाले लोग त्सोमगो लेक, नाथुला पास और एमजी रोड घूमना पसंद करते हैं। यहां एडवेंचर पसंद करने वालों के लिए रोपवे राइड और ट्रेकिंग भी खास अनुभव बनते हैं।
पेलिंग
सिक्किम का पेलिंग उन लोगों के लिए शानदार जगह मानी जाती है जो भीड़ से दूर शांति में पहाड़ों का आनंद लेना चाहते हैं। साफ मौसम में यहां से कंचनजंगा की चोटियां बेहद शानदार दिखाई देती हैं।
यहां स्काई वॉक, पुराने मठ और झरने लोगों को काफी आकर्षित करते हैं। पेलिंग का शांत माहौल इसे फैमिली और कपल ट्रिप के लिए खास बनाता है।
शिलॉन्ग
मेघालय की राजधानी शिलॉन्ग को स्कॉटलैंड ऑफ द ईस्ट भी कहा जाता है। यहां पाइन के पेड़, हल्की बारिश और छोटे-छोटे कैफे लोगों को अलग अनुभव देते हैं। गर्मियों में भी यहां का मौसम बेहद सुहावना बना रहता है। इसी के साथ शिलॉन्ग अपनी खास कला संस्कृति के लिए खास तौर से म्यूजिक कल्चर के लिए भी काफी मशहूर है। यहां के कैफे और लाइव म्यूजिक परफॉर्मेंस युवाओं को खास तौर पर आकर्षित करते हैं। उमियम लेक और एलीफेंट फॉल्स जैसी जगहें यहां की खूबसूरती को और बढ़ा देती हैं। अगर आप इस गर्मी सिर्फ घूमना नहीं बल्कि एक अलग अनुभव जीना चाहते हैं, तो नॉर्थ-ईस्ट के ये हिल स्टेशन आपकी ट्रैवल लिस्ट में जरूर होने चाहिए। यहां का मौसम, संस्कृति, प्राकृतिक खूबसूरती और सुकून ऐसा एहसास देते हैं जिसे लोग लंबे समय तक भुला नहीं पाते।