Jagannath Rath Yatra 2026: 16 जुलाई को निकलेगी जगन्नाथ रथ यात्रा, पुरी जाने वालों के लिए जरूरी गाइड
Jagannath Rath Yatra 2026 Puri: पुरी में 16 जुलाई 2026 को जगन्नाथ रथ यात्रा निकलेगी, लाखों श्रद्धालुओं के लिए यह आध्यात्मिक अवसर होगा। जानें नियम, यात्रा प्लान और जरूरी जानकारी।
Jagannath Rath Yatra 2026 Puri
Jagannath Rath Yatra 2026 Puri: हर बार की तरह इस बार भी पुरी वैश्विक पटल पर आस्था का अद्भुत प्रतीक बनने जा रहा है। जिसकी भव्य तैयारियों का आगाज हो चुका है। भगवान जगन्नाथ की विश्वप्रसिद्ध रथ यात्रा इस बार 16 जुलाई 2026 को ओडिशा के पुरी में निकलेगी। हर साल की तरह इस बार भी लाखों श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के दिव्य रथों के दर्शन और उन्हें खींचने के लिए पुरी पहुंचेंगे। रथ यात्रा में शामिल होना जितना सौभाग्य की बात माना जाता है, उतना ही जरूरी वहां के नियमों, परंपराओं और यात्रा की तैयारी के बारे में पहले से जानकारी होना भी है। अगर आप भी इस बार पुरी जाने की योजना बना रहे हैं, तो इन जरूरी बातों को जानकर आपकी यात्रा अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और यादगार बन सकती है।
क्यों खास है जगन्नाथ रथ यात्रा, जानिए इसकी धार्मिक मान्यता
जगन्नाथ रथ यात्रा को हिंदू धर्म के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में गिना जाता है। इस दिन भगवान जगन्नाथ अपने भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ मंदिर से बाहर निकलकर भक्तों को दर्शन देते हैं। मान्यता है कि भगवान स्वयं अपने भक्तों के बीच आते हैं और किसी भी जाति, धर्म या वर्ग का भेद नहीं करते। यही वजह है कि इस यात्रा में देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर से श्रद्धालु शामिल होते हैं। धार्मिक विश्वास है कि श्रद्धा से रथ की रस्सी खींचने वाले भक्तों को विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है।
16 जुलाई से शुरू होगा नौ दिन का भव्य उत्सव
इस वर्ष रथ यात्रा 16 जुलाई 2026, गुरुवार को आषाढ़ शुक्ल द्वितीया के दिन निकलेगी। इसी दिन नौ दिवसीय उत्सव की शुरुआत होती है। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा अपने-अपने रथों पर सवार होकर लगभग तीन किलोमीटर दूर स्थित गुंडिचा मंदिर पहुंचते हैं। यहां कुछ दिनों तक प्रवास करने के बाद बहुड़ा यात्रा के दौरान तीनों देवता पुनः श्रीमंदिर लौटते हैं। इस पूरे आयोजन के दौरान पुरी में भक्ति, भजन और उत्सव का अद्भुत माहौल देखने को मिलता है।
रथ यात्रा से पहले कई महत्वपूर्ण धार्मिक रस्में निभाई जाती हैं
रथ यात्रा केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं है। इसके पहले रथ निर्माण से लेकर गुंडिचा मार्जन और छेरा पहंरा जैसी कई परंपराएं निभाई जाती हैं। इसके बाद रथ यात्रा, गुंडिचा मंदिर आगमन, हेरा पंचमी, बहुड़ा यात्रा और अंत में भगवान का पुनः श्रीमंदिर में प्रवेश होता है। हर रस्म का अपना अलग धार्मिक महत्व है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु इन अनुष्ठानों के दर्शन के लिए भी पुरी पहुंचते हैं।
तीनों रथों की अपनी अलग पहचान और विशेषता है
भगवान जगन्नाथ का रथ नंदीघोष कहलाता है, जिसकी ऊंचाई करीब 45 फीट होती है और इसमें 16 पहिए लगे होते हैं। भगवान बलभद्र का रथ तालध्वज 43 फीट ऊंचा होता है और इसमें 14 पहिए होते हैं। देवी सुभद्रा का रथ दर्पदलन या पद्म रथ कहलाता है, जिसकी ऊंचाई लगभग 42 फीट होती है और इसमें भी 14 पहिए लगे होते हैं। इन रथों का निर्माण हर वर्ष नई लकड़ी से पारंपरिक विधि के अनुसार किया जाता है, जो इस यात्रा की सबसे बड़ी विशेषताओं में से एक है।
रथ खींचने से पहले इन पांच नियमों का पालन जरूर करें
अगर आप रथ खींचने का सौभाग्य प्राप्त करना चाहते हैं तो कुछ बातों का विशेष ध्यान रखें। पारंपरिक मान्यता के अनुसार पुरुषों के लिए धोती पहनना शुभ माना जाता है। रथ खींचते समय पवित्रता और अनुशासन बनाए रखें तथा धक्का-मुक्की से बचें। तीनों रथों को उनके निर्धारित क्रम में ही खींचा जाता है, इसलिए प्रशासन और सेवायतों के निर्देशों का पालन करें। रस्सी को उतनी ही देर तक पकड़ें, जितना सुरक्षित हो, ताकि अन्य श्रद्धालुओं को भी अवसर मिल सके। यात्रा के दौरान गुंडिचा मंदिर जाकर भगवान के दर्शन करना भी शुभ माना जाता है।
धार्मिक मान्यताओं में रथ यात्रा का विशेष महत्व
शास्त्रीय मान्यताओं के अनुसार रथ यात्रा में शामिल होने वाले भक्त को सौ यज्ञों के बराबर पुण्य प्राप्त होता है। यह भी माना जाता है कि जो श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान जगन्नाथ के रथ की रस्सी खींचता है, उसे जन्म-मरण के बंधन से मुक्ति का आशीर्वाद मिलता है।
पुरी जाने से पहले ठहरने और यात्रा की तैयारी पहले ही कर लें
रथ यात्रा के दौरान पुरी में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में होटल और धर्मशालाएं जल्दी भर जाती हैं। इसलिए यदि आप ओडिशा के बाहर से जा रहे हैं तो पहले से होटल बुक करा लें। यदि पुरी शहर में कमरा न मिले तो आसपास के क्षेत्रों में भी ठहरने का विकल्प चुन सकते हैं। कम से कम तीन दिन का यात्रा कार्यक्रम बनाएं, ताकि आराम से दर्शन और घूमने का अवसर मिल सके। तीन दिन की यात्रा में सामान्य तौर पर चार से पांच हजार रुपये या उससे अधिक का खर्च आ सकता है।
भीड़ में परिवार और बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें
रथ यात्रा के दौरान भारी भीड़ रहती है। ऐसे में छोटे बच्चों और बुजुर्गों के साथ अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी है। बच्चों को रथ के बहुत करीब ले जाने से बचें और संभव हो तो दूर से ही रथ यात्रा के दर्शन कराएं। पीने का पानी, जरूरी दवाइयां और हल्का सामान साथ रखें। प्रशासन की ओर से बनाए गए सुरक्षा नियमों का पालन करना भी बेहद जरूरी है।
यादगार बना सकता है पुरी घूमने का तीन दिन का प्लान
पहले दिन जगन्नाथ मंदिर के दर्शन करने के साथ रथ यात्रा का आनंद लें। दूसरे दिन गुंडिचा मंदिर, अथरनाला ब्रिज और आसपास के धार्मिक स्थलों का भ्रमण करें। तीसरे दिन पुरी बीच और चिल्का झील घूम सकते हैं। यदि आपके पास अतिरिक्त समय हो तो विश्व प्रसिद्ध कोणार्क सूर्य मंदिर भी देख सकते हैं, जिसके लिए एक अतिरिक्त दिन का समय रखना बेहतर रहेगा। यदि आप 2026 में इस दिव्य यात्रा में शामिल होने जा रहे हैं तो पहले से पूरी तैयारी करें, आवश्यक नियमों का पालन करें और श्रद्धा के साथ इस अलौकिक अनुभव का हिस्सा बनें। सही योजना और सतर्कता आपकी पुरी यात्रा को सुरक्षित, सुखद और जीवनभर याद रहने वाला आध्यात्मिक अनुभव बना सकती है।