कांवड़ यात्रा 2026: पैदल जाने वालों के लिए सबसे बेस्ट रूट और जरूरी टिप्स

Kanwar Yatra 2026: पहली बार कांवड़ यात्रा पर जा रहे हैं? जानिए हरिद्वार का सबसे आसान रूट, जरूरी तैयारी, सुरक्षा नियम और यात्रा को आसान बनाने वाले खास टिप्स।

Update:2026-07-29 18:44 IST

Kanwar Yatra 2026

Kanwar Yatra 2026: सावन का महीना शुरू होते ही देशभर में बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ कांवड़ यात्रा का उत्साह चरम पर पहुंच जाता है। हर साल लाखों शिव भक्त हरिद्वार, गंगोत्री, गौमुख और अन्य पवित्र घाटों से गंगाजल लेकर अपने-अपने शिवालयों तक पैदल यात्रा करते हैं। अगर आप इस बार पहली बार कांवड़ यात्रा पर निकलने की तैयारी कर रहे हैं, तो सही रूट का चुनाव, जरूरी तैयारी और यात्रा के नियमों की जानकारी आपके सफर को सुरक्षित और आरामदायक बना सकती है। जानिए पहली बार कांवड़ लाने वालों के लिए कौन-सा रास्ता सबसे बेहतर है और किन बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए।

पहली बार कांवड़ लाने वालों के लिए हरिद्वार रूट सबसे बेहतर क्यों?

अगर आप पहली बार कांवड़ यात्रा कर रहे हैं, तो हरिद्वार से गंगाजल लेकर आने वाला मार्ग सबसे उपयुक्त माना जाता है। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि इस रूट पर हर साल सबसे अधिक कांवड़िए यात्रा करते हैं, इसलिए प्रशासन भी यहां व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं करता है।

हरिद्वार से मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, गाजियाबाद, दिल्ली, बुलंदशहर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों की ओर जाने वाले प्रमुख कांवड़ मार्गों पर लगातार पुलिस निगरानी, मेडिकल सहायता, भंडारे और विश्राम स्थल उपलब्ध रहते हैं। पहली बार यात्रा करने वालों को इस रूट पर रास्ता समझने और मदद मिलने में आसानी होती है।

गंगोत्री और गौमुख रूट किसके लिए उपयुक्त हैं?

जो श्रद्धालु कठिन और लंबी धार्मिक यात्रा का अनुभव लेना चाहते हैं, वे गंगोत्री या गौमुख से भी गंगाजल लेकर आते हैं। लेकिन यह यात्रा पहाड़ी क्षेत्रों से होकर गुजरती है और शारीरिक रूप से अधिक चुनौतीपूर्ण साबित होती है। पहली बार यात्रा करने वालों के लिए विशेषज्ञ भी सलाह देते हैं कि वे पहले हरिद्वार रूट से यात्रा करें। अनुभव होने के बाद ही लंबी और कठिन यात्रा का चयन करें।

पैदल यात्रियों के लिए रास्ते में उपलब्ध रहती हैं कई सुविधाएं

कांवड़ यात्रा के दौरान विभिन्न सामाजिक संस्थाएं, धार्मिक संगठन और स्थानीय प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम करते हैं। प्रमुख कांवड़ मार्गों पर जगह-जगह भंडारे लगाए जाते हैं। जहां भोजन और पेयजल की निशुल्क व्यवस्था रहती है। इसके अलावा मेडिकल कैंप, प्राथमिक उपचार, एंबुलेंस सेवा, मोबाइल टॉयलेट, स्नान और विश्राम की व्यवस्था भी कई स्थानों पर की जाती है। कई जगह मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट और खोया-पाया केंद्र भी बनाए जाते हैं। ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

यात्रा शुरू करने से पहले करें पूरी तैयारी

कांवड़ यात्रा कई दिनों तक चल सकती है। इसलिए बिना तैयारी के निकलना परेशानी का कारण बन सकता है।

यात्रा के दौरान आरामदायक स्पोर्ट्स शूज या मजबूत चप्पल पहनें। अपने बैग में पानी की बोतल, जरूरी दवाइयां, ग्लूकोज, टॉर्च, रेनकोट या छाता, मोबाइल चार्जर और हल्के कपड़े जरूर रखें। यदि लगातार बारिश हो रही हो या मौसम खराब हो जाए तो सुरक्षित स्थान पर रुककर मौसम सामान्य होने का इंतजार करना बेहतर रहता है।

किस समय पैदल चलना रहता है सबसे आसान?

अनुभवी कांवड़ियों के अनुसार सुबह तड़के और शाम के समय पैदल चलना सबसे सुविधाजनक होता है। इस दौरान तापमान अपेक्षाकृत कम रहता है और शरीर पर थकान भी कम होती है। दोपहर की तेज धूप में लंबी दूरी तय करने से बचना चाहिए। बीच-बीच में आराम करना और पर्याप्त पानी पीते रहना भी जरूरी है ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।

इन नियमों का पालन करना भी जरूरी

कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन की ओर से निर्धारित कांवड़ मार्ग का ही उपयोग करें। गलत रास्ते या सामान्य ट्रैफिक वाले मार्ग पर चलने से दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है। अगर आप समूह में यात्रा कर रहे हैं तो सभी सदस्यों के मोबाइल नंबर एक-दूसरे के पास होने चाहिए। छोटे बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। किसी भी आपात स्थिति में पुलिस सहायता केंद्र, हेल्प डेस्क या मेडिकल टीम से तुरंत संपर्क करें।

हर साल बढ़ रही है कांवड़ यात्रा की भव्यता

पिछले कुछ वर्षों में कांवड़ यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ी है। इसी वजह से उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और अन्य राज्यों के प्रशासन द्वारा ट्रैफिक प्रबंधन, सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, ड्रोन मॉनिटरिंग, मेडिकल सेवाएं और आपदा प्रबंधन जैसी व्यवस्थाओं को पहले से अधिक मजबूत किया जाता है। ताकि यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। अगर आप पहली बार कांवड़ यात्रा करने जा रहे हैं तो हरिद्वार रूट आपके लिए सबसे सुरक्षित और सुविधाजनक विकल्प माना जाता है।

Tags:    

Similar News