Aaj Ka Mausam: मानसून की बेरुखी से बढ़ी चिंता, पूरे UP में चढ़ा पारा, IMD ने बताया कब होगी वर्षा

Aaj Ka Mausam 17 July 2026: इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने 17 जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में वर्षा, तेज आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताकर राहत की उम्मीद जगाई है।

Update:2026-07-17 06:00 IST

Aaj Ka Mausam

Aaj Ka Mausam 17 July 2026: उत्तर प्रदेश में मानसून (Monsoon) की रफ्तार थमने से लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। सावन के महीने में भी वर्षा नहीं होने के कारण से प्रदेश के अधिकतर जिलों में भीषण गर्मी और उमस ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि कई जिलों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर पहुंच गया है और लोग चिलचिलाती धूप से बेहाल हैं। दूसरी तरफ किसान भी आसमान की ओर टकटकी लगाए बारिश का इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि खरीफ की फसलों (Kharif Crops) के लिए इस वक़्त पानी बेहद जरूरी माना जाता है।

हालांकि, इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने 17 जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में वर्षा, तेज आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताकर राहत की उम्मीद जगाई है।

मानसून की धीमी रफ्तार से बढ़ी लोगों की परेशानी

मानसून आने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि प्रदेश में अच्छी वर्षा होगी और गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन जुलाई का आधा महीना गुजर जाने के बाद भी बारिश का इंतजार खत्म नहीं हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों द्वारा पहले सुपर अल नीनो (Super El Nino) के असर की आशंका जताई गई थी और अब उत्तर प्रदेश समेत आसपास के राज्यों में मानसून की सुस्ती को देखकर लोगों के मन में चिंता बढ़ने लगी है।

वर्षा नहीं होने से खेत सूखने लगे हैं और किसानों की चिंता लगातार बढ़ रही है। वहीं, शहरों में उमस और तेज धूप के कारण लोगों का पूरे दिन घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है।

बीते 24 घंटे में कई जिलों में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा तापमान

लखनऊ मौसम केंद्र की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ज्यादा दर्ज किया गया है। प्रयागराज (Prayagraj) और झांसी (Jhansi) सबसे गर्म जिलों में शामिल रहे, जहां अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य तापमान से लगभग 5.6 और 5.7 डिग्री सेल्सियस अधिक बताया गया है।

इसके अलावा बांदा (Banda) में 38.8 डिग्री, फतेहगढ़ (Fatehgarh) में 38.2 डिग्री और मुरादाबाद (Moradabad) में 38.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राजधानी लखनऊ (Lucknow) का अधिकतम तापमान भी 36.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे दिनभर लोगों को तेज धूप और उमस का सामना करना पड़ा।

सूखे जैसे हालात की बढ़ने लगी चिंता

वर्षा में लगातार हो रही देरी के कारण किसानों के बीच चिंता का माहौल है। जिस वक़्त खेतों में पर्याप्त पानी होना चाहिए था, उस वक़्त कई इलाकों में खेत सूखे नजर आ रहे हैं। ऐसे में लोगों के मन में यह सवाल उठने लगा है कि कहीं प्रदेश को सूखे या अकाल (Drought) जैसी स्थिति का सामना तो नहीं करना पड़ेगा।

हालांकि, रात के समय कुछ जिलों में तापमान अपेक्षाकृत कम दर्ज किया गया। बाराबंकी (Barabanki) में न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री और बस्ती (Basti) में 24.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, लेकिन दिन के समय उमस और गर्मी ने लोगों की मुश्किलें कम नहीं होने दीं।

17 जुलाई को मौसम बदलेगा, पूर्वी यूपी में वर्षा का अलर्ट

मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार 17 जुलाई के लिए राहत भरा पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में मौसम अचानक बदल सकता है और अच्छी बारिश होने की संभावना है। इससे लंबे समय से गर्मी और बारिश की कमी से परेशान लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

तेज आंधी, तूफान और आकाशीय बिजली का अलर्ट

मौसम विभाग ने सिर्फ बारिश ही नहीं बल्कि गरज-चमक (Thunderstorm), तेज आंधी (Strong Winds) और आकाशीय बिजली (Lightning) को लेकर भी चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। लोगों को पेड़ों के नीचे खड़े होने और खुले मैदानों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।

वर्षा की उम्मीद से किसानों को मिली राहत

17 जुलाई को संभावित बारिश की खबर से पूर्वी उत्तर प्रदेश के किसानों में नई उम्मीद जगी है। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों को उम्मीद है कि यदि मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही साबित होता है तो खरीफ की फसलों को राहत मिलेगी। फिलहाल पूरे प्रदेश की नजरें मौसम के अगले बदलाव पर टिकी हुई हैं और लोग वर्षा का इंतजार कर रहे हैं।

Tags:    

Similar News