Bareilly News: शराब फैक्ट्री में मजदूर की संदिग्ध मौत, प्रबंधक समेत चार पर हत्या का मुकदमा दर्ज

Bareilly News: बरेली की सुपीरियर इंडस्ट्रीज शराब फैक्ट्री में काम करने आए मजदूर सत्यपाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया।

Update:2026-07-17 10:19 IST

Bareilly News

Bareilly News: जिले की सुपीरियर इंडस्ट्रीज शराब फैक्ट्री में काम करने आए एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद गुरुवार को फैक्ट्री के बाहर जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर हत्या का आरोप लगाते हुए शव रखकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर फैक्ट्री के प्रबंधक, एचआर, सुपरवाइजर और लोडर चालक के खिलाफ हत्या समेत अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मृतक सत्यपाल बुधवार को पहली बार फैक्ट्री में काम करने पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि उनसे जबरन ओवरटाइम कराया गया। दोपहर करीब 2:58 बजे फैक्ट्री प्रबंधन ने फोन कर उनकी मौत की सूचना दी और बताया कि वह भूसी के टैंक में गिर गए थे। परिजनों का कहना है कि सत्यपाल पूरी तरह स्वस्थ थे और उनकी मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। उनका आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन घटना की वास्तविकता छिपाने का प्रयास कर रहा है।

घटना से आक्रोशित परिजनों ने फैक्ट्री गेट पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया और दोषियों की गिरफ्तारी तथा निष्पक्ष जांच की मांग की। आरोप है कि इस दौरान फैक्ट्री प्रबंधन ने मामला शांत कराने के लिए एक लाख रुपये नकद और मृतक की पत्नी को आजीवन पेंशन देने का प्रस्ताव दिया, लेकिन परिजनों ने इसे ठुकराते हुए न्याय की मांग पर अड़े रहे।सीओ सिटी द्वितीय नितिन कुमार ने बताया कि मृतक के बेटे गौतम कुमार की तहरीर के आधार पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News