Bareilly News: मीरगंज में महिला को बातों में उलझाकर ठगी, पर्स लेकर बाइक सवार ठग फरार
Bareilly News: मीरगंज में बाइक सवार ठगों ने महिला को बातों में उलझाकर उसका पर्स लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
Bareilly News(Photo-Social Media)
Bareilly News: बरेली जनपद के मीरगंज कस्बे में दिनदहाड़े ठगी की एक घटना सामने आई है। कृषि प्रसार केंद्र के पास बाइक सवार एक युवक और एक महिला ने बातों में उलझाकर एक महिला का भरोसा जीता और उसके सोने के कुंडलों व नकदी से भरा पर्स लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर मीरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आरोपियों की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मीरगंज के राजेंद्र नगर निवासी नीरज पत्नी सुनील अपने दो बच्चों के साथ अपने मायके गांव दरिया फतेहपुर, थाना शहजादनगर में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रही थीं। रास्ते में कृषि प्रसार केंद्र के पास बाइक पर सवार एक युवक और एक महिला ने उन्हें रोककर बातचीत शुरू कर दी। कुछ ही देर में दोनों ने महिला का विश्वास जीत लिया और किसी बहाने उन्हें कानों के सोने के कुंडल उतारकर पर्स में रखने की सलाह दी। पीड़िता के अनुसार, पर्स में सोने के कुंडलों के अलावा 900 रुपये नकद भी रखे थे। बातचीत के दौरान ठगों ने बड़ी सफाई से पर्स अपने कब्जे में कर लिया और मौका मिलते ही बाइक से फरार हो गए। कुछ देर बाद महिला को ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने शोर मचाया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। मीरगंज इंस्पेक्टर रवि कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अनजान व्यक्तियों के बहकावे या झांसे में न आएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।