Bareilly News: बरेली में दीवार में सेंध लगाकर चोरी, जेवर और सामान लेकर फरार हुए शातिर चोर
Bareilly News: बरेली के शाही थाना क्षेत्र में चोरों ने दीवार में सेंध लगाकर घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश जेवर, मोबाइल और घरेलू सामान लेकर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Bareilly News
Bareilly News: बरेली थाना शाही क्षेत्र के गांव चकदाह भगवतीपुर में मंगलवार रात चोरों ने एक घर में दीवार काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने बेहद शातिर तरीके से दीवार में सेंध (कूमल) लगाकर घर में प्रवेश किया और कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर आराम से जेवर, मोबाइल और अन्य कीमती घरेलू सामान समेटकर फरार हो गए। इतना ही नहीं, जाते समय चोर दीवार में बनाई गई सेंध को ईंटों से बंद कर गए, जिससे सुबह तक परिवार को चोरी की भनक तक नहीं लगी।
पीड़ित अखलाक पुत्र अब्दुल रज्जाक ने बताया कि मंगलवार रात पूरा परिवार घर में सो रहा था। इसी दौरान चोर दीवार काटकर कमरे में घुस गए और वहां रखे जेवर, मोबाइल सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। बदमाश करीब 10 लीटर सरसों का तेल भी अपने साथ ले गए, जबकि तेल का खाली कैन घटनास्थल पर ही छोड़ गए।बुधवार सुबह अखलाक धान की रोपाई के लिए खेत चले गए। कुछ देर बाद उनकी पत्नी और बच्चों ने कमरे का दरवाजा खोला तो दीवार में सेंध लगी देख उनके होश उड़ गए। चोरी की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर थाना शाही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दे दी है। थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।