‘73, 39, 31 और 19 सीटें...’ अखिलेश के दावे पर मचा बवाल, आशीष पटेल ने दिया करारा जवाब

Akhilesh Vs Ashish Patel: अखिलेश यादव ने NDA सहयोगियों की सीटों को लेकर दावा किया तो आशीष पटेल भड़क गए। उन्होंने सपा नेतृत्व को अफवाहों का जरिया बताते हुए यूपी में NDA की जीत का दावा किया।

Update:2026-08-19 10:58 IST

Image Source- Social Media

Akhilesh Vs Ashish Patel: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में होने वाले विधानसभा चुनाव (Assembly Elections) को लेकर सियासत तेज हो गई है। राजनीतिक दलों के बीच जुबानी जंग (Political War of Words) के साथ सोशल मीडिया (Social Media) पर भी वार-पलटवार शुरू हो गया है।

समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के एनडीए सहयोगियों (NDA Allies) की सीट शेयरिंग (Seat Sharing) को लेकर किए गए दावे और मजाक पर अपना दल (एस) (Apna Dal S) भड़क गया है।

मोदी सरकार (Modi Government) में मंत्री अनुप्रिया पटेल (Anupriya Patel) के पति और योगी सरकार (Yogi Government) में मंत्री आशीष पटेल (Ashish Patel) ने अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। आशीष पटेल ने सपा प्रमुख को आड़े हाथों लेते हुए उन्हें अफवाहों का वाहक करार दिया है।

अखिलेश यादव ने सीटों को लेकर क्या दावा किया

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक पोस्ट कर दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) अपनी हार सामने देखकर पीडीए (PDA) के दबाव में अपने सहयोगियों को एकजुट रखने के लिए सीट बंटवारा (Seat Distribution) तय कर चुकी है।

अखिलेश यादव ने सूत्रों के हवाले से एनडीए के सहयोगी दलों को मिलने वाली सीटों की संख्या भी बताई। उन्होंने दावा किया कि जयंत चौधरी (Jayant Chaudhary) की राष्ट्रीय लोक दल (RLD) को 73 सीटें, ओपी राजभर (OP Rajbhar) की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) को 39 सीटें, संजय निषाद (Sanjay Nishad) की निषाद पार्टी (Nishad Party) को 31 सीटें और अनुप्रिया पटेल की अपना दल (एस) को 19 सीटें दी जा रही हैं।अखिलेश यादव ने आगे कहा कि पीडीए की आबादी के हिसाब से ये सीटें भी कम हैं।

अपनी पार्टी का नाम देखकर भड़के आशीष पटेल

अखिलेश यादव की पोस्ट में अपना दल (एस) का नाम और सीटों की संख्या सामने आने के बाद आशीष पटेल ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने अखिलेश यादव की पोस्ट को रीट्वीट करते हुए अपना जवाब दिया।

आशीष पटेल ने कहा कि अपना दल (एस) पूरी मजबूती के साथ एनडीए गठबंधन (NDA Alliance) के साथ खड़ा है। उन्होंने दावा किया कि उनका गठबंधन उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत (Full Majority) के साथ एक बार फिर सरकार बनाएगा।


‘अखिलेश में अभी से हार की घबराहट’

आशीष पटेल ने कहा कि अपना दल ट्वीट और रीट्वीट का खेल नहीं खेलता। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी जमीन पर जनता के बीच काम करने और अपने गठबंधन के साथ मजबूती से खड़े रहने में विश्वास करती है।

सपा प्रमुख पर हमला बोलते हुए आशीष पटेल ने कहा कि एनडीए की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने की हकीकत से घबराकर ही सपा नेतृत्व दूसरों के दावों को अफवाह बताते-बताते खुद ही भ्रामक खबरों और अफवाहों को फैलाने का जरिया बन गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सब कुछ देख रही है और चुनाव में अपना स्पष्ट जनादेश (Clear Mandate) देकर इसका जवाब देगी।

चुनाव से पहले तेज हुआ सियासी टकराव

उत्तर प्रदेश में अगले छह महीने में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में चुनाव से पहले ही राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। सीट शेयरिंग को लेकर अखिलेश यादव के दावे और आशीष पटेल के पलटवार ने यूपी की सियासत में एक नया विवाद खड़ा कर दिया है।

समाजवादी पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) में मिली जीत से उत्साहित है। वहीं एनडीए के सहयोगी दल भी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियों में जुटे हैं।

विधानसभा चुनाव से पहले बदले थे समीकरण

पिछले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले समाजवादी पार्टी ने बीजेपी में बड़ी सेंधमारी की थी। दारा सिंह चौहान (Dara Singh Chauhan) और स्वामी प्रसाद मौर्य (Swami Prasad Maurya) समेत कई नेताओं ने योगी कैबिनेट से इस्तीफा देकर समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया था।

उस चुनाव में ओपी राजभर और जयंत चौधरी भी समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर मैदान में उतरे थे। बाद में यूपी की राजनीति में गठबंधन और राजनीतिक समीकरणों में बड़ा बदलाव देखने को मिला।

अब आगामी विधानसभा चुनाव से पहले एक बार फिर गठबंधन और सीट बंटवारे को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। अखिलेश यादव के सीट शेयरिंग को लेकर किए गए दावे पर आशीष पटेल के तीखे पलटवार ने साफ कर दिया है कि चुनावी माहौल बनने के साथ ही यूपी में सियासी वार-पलटवार और तेज होने वाला है।

Tags:    

Similar News