Aligarh News: अलीगढ़ में आंगनबाड़ी की 237 नौकरियों का अंतिम सत्यापन शुरू
Aligarh News: अलीगढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकत्री के 237 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 22 अगस्त से 1 सितंबर तक होगा।
अलीगढ़ में आंगनबाड़ी की 237 नौकरियों का अंतिम सत्यापन शुरू (जिला कार्यक्रम अधिकारी के.के. राय) (Photo- Newstrack)
Aligarh News: जिले में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रही महिलाओं के लिए बड़ी खबर है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के 237 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने अभिलेख सत्यापन की तारीखों का ऐलान कर दिया है। 22 अगस्त से 1 सितंबर तक विकास भवन सभागार में अभ्यर्थियों के असली दस्तावेजों की जांच होगी।
कल से शुरू होगा सत्यापन
जिला कार्यक्रम अधिकारी के.के. राय ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री के कुल 237 रिक्त पदों के सापेक्ष हजारों आवेदन प्राप्त हुए थे। ऑनलाइन प्रक्रिया के बाद अब मेरिट के आधार पर चयनित और प्रथम वरीयता वाले अभ्यर्थियों को अभिलेख सत्यापन के लिए बुलाया जा रहा है।
सत्यापन का कार्य 22 अगस्त से 1 सितंबर तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक विकास भवन सभागार में किया जाएगा। संबंधित बाल विकास परियोजना अधिकारियों (CDPO) द्वारा सभी चयनित अभ्यर्थियों को दूरभाष और लिखित पत्र के माध्यम से उनकी तय तारीख की सूचना दी जा रही है।
ये कागजात लाना अनिवार्य
के. के.राय ने बताया कि सत्यापन के दौरान अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षिक और अन्य अभिलेखों की मूल प्रतियां लानी होंगी। इसमें हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक और परास्नातक के अंकपत्र एवं प्रमाणपत्र शामिल हैं। इसके अलावा तहसील से निर्गत आय, निवास और जाति प्रमाणपत्रों की मूल प्रतियां भी जरूरी हैं।
जो अभ्यर्थी निराश्रित और परित्यक्ता श्रेणी में आवेदन किए हैं, उन्हें उससे संबंधित दस्तावेज भी लाने होंगे। ऑनलाइन पोर्टल पर भरी गई प्रविष्टियों के आधार पर तैयार की गई ऑनलाइन ब्रॉडशीट के अनुसार ही सत्यापन होगा। यह सत्यापन चयन समिति के सदस्यों द्वारा किया जाएगा।
इन महिलाओं को मिलेगी प्राथमिकता
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने स्पष्ट किया कि चयन प्रक्रिया में नियमानुसार प्राथमिकता दी जा रही है। इसमें सबसे पहले बीपीएल निराश्रित, उसके बाद बीपीएल तलाकशुदा/परित्यक्ता, बीपीएल अन्य, एपीएल निराश्रित और एपीएल तलाकशुदा/परित्यक्ता अभ्यर्थियों को वरीयता दी जाएगी।
दलालों से रहें सावधान
विभाग ने अभ्यर्थियों को दलालों से सावधान रहने की सख्त चेतावनी दी है। के.के. राय ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन और पारदर्शी है। किसी भी अभ्यर्थी को चयन के नाम पर किसी व्यक्ति को एक भी रुपया नहीं देना है। यदि कोई पैसे की मांग करता है। तो उसकी शिकायत तुरंत करें।
शिकायत के लिए विकास भवन स्थित जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय के कमरा नंबर-04 में हेल्प डेस्क बनाई गई है। इसके अलावा मोबाइल नंबर 7007111146 पर भी संपर्क कर अपनी समस्या दर्ज कराई जा सकती है।