Aligarh News: लखनऊ अग्निकांड के बाद अलीगढ़ में कोचिंग सेंटरों की जांच शुरू, प्रशासन ने दिए निर्देश

Aligarh News: लखनऊ कोचिंग अग्निकांड के बाद अलीगढ़ प्रशासन ने जिले के सभी कोचिंग सेंटरों की जांच के आदेश दिए हैं। सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर कार्रवाई होगी।

Update:2026-06-24 19:20 IST

Aligarh News

Aligarh News: लखनऊ में कोचिंग सेंटर में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद अलीगढ़ जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड में आ गया है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में संचालित कोचिंग सेंटरों की जांच के निर्देश जारी किए हैं।अलीगढ़ जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने स्पष्ट कहा है कि जनपद में कोई भी कोचिंग सेंटर बिना अनुमति या सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर संचालित नहीं होना चाहिए। सभी कोचिंग संस्थानों की गहन जांच कराई जाएगी और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में शिक्षा विभाग, अग्निशमन विभाग और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कोचिंग सेंटरों में फायर सेफ्टी व्यवस्था, फायर एनओसी, भवन की मजबूती, आपातकालीन निकास, बिजली व्यवस्था सहित सभी सुरक्षा इंतजामों की जांच की जाए।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान जिन कोचिंग सेंटरों में खामियां मिलेंगी, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अवैध रूप से संचालित संस्थानों को चिन्हित कर अभियान चलाया जाएगा।जिलाधिकारी ने कहा कि छात्र-छात्राओं का जीवन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोचिंग संचालकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए जागरूक किया जाए और लगातार निगरानी रखी जाए।

प्रशासन की इस सख्ती के बाद शहर में संचालित कोचिंग सेंटर संचालकों में खलबली मच गई है। वहीं, अभिभावकों ने भी प्रशासन के इस कदम का स्वागत किया है और इसे छात्रों की सुरक्षा के लिए जरूरी बताया है।अलीगढ़ जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने दोहराया कि बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News