Aligarh News: अलीगढ़ में विधिक जागरूकता शिविर, निःशुल्क सहायता और लोक अदालत की दी जानकारी

Aligarh News: अलीगढ़ में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित विधिक जागरूकता शिविर में लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं और राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी दी गई।

Update:2026-05-16 20:29 IST

Aligarh News

Aligarh News: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव साक्षी गर्ग के मार्गदर्शन में जनसामान्य को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने एवं आगामी अगस्त माह में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से विधिक जागरूकता एवं विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिविर में पीएलवी सोनम सिंह ने उपस्थित लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निर्धन वर्ग, दिव्यांगजन, बच्चों, श्रमिकों, अनुसूचित जाति एवं जनजाति सहित अन्य जरूरतमंद व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र व्यक्तियों को उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।पीएलवी सोनम सिंह ने बताया कि किसी भी प्रकार की विधिक सहायता, परामर्श अथवा लोक अदालत से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए नालसा के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है। शिविर में मौजूद लोगों को टोल फ्री नंबर की जानकारी देने के साथ उनकी शंकाओं एवं विधिक समस्याओं का समाधान भी किया गया।

पराविधिक स्वयंसेवक सईदा खातून ने आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से मामलों का त्वरित, सरल एवं कम खर्च में निस्तारण कराया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील की।कार्यक्रम में पराविधिक स्वयंसेवक सत्यप्रकाश गोयल की भी सक्रिय सहभागिता रही। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से अपने विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने एवं आवश्यकता पड़ने पर निःशुल्क विधिक सहायता सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।

Tags:    

Similar News