Aligarh News: शनि जयंती पर शिवाला नहर पुल मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
Aligarh News: अलीगढ़ के खैर क्षेत्र स्थित शिवाला नहर पुल मंदिर में शनि जयंती के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर हलवा-पूड़ी का भोग लगाया और सुख-समृद्धि की कामना की।
Aligarh News
Aligarh News: जनपद के खैर तहसील क्षेत्र के शिवाला नहर पुल स्थित श्री शनि देव मंदिर पर श्री शनि देव महाराज के जन्मोत्सव के अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। शनिवार को सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जहां भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर शनि देव महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर मंदिर परिसर में भक्तों द्वारा विशाल भोग प्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें हलवा-पूड़ी बनाकर श्रद्धालुओं में वितरित की गई। श्रद्धालुओं ने शनि देव महाराज के जयकारों के साथ मंदिर में दीप प्रज्वलित किए और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। भक्तों ने भगवान शनि देव से देश में सुख-शांति, भाईचारा और आपसी सौहार्द बनाए रखने की प्रार्थना की।
मंदिर परिसर में पूरे दिन भजन-कीर्तन और पूजा-पाठ का आयोजन चलता रहा, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं का कहना था कि शनि देव महाराज की कृपा से सभी कष्ट दूर होते हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आती है। इस आयोजन में क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं और युवा मौजूद रहे।