Aligarh News : स्कॉर्पियो से अगवा मोहित 24 घंटे में बरामद, लोधा पुलिस ने 4 आरोपियों को दबोचा
Aligarh News : अलीगढ़ के लोधा थाना पुलिस ने स्कॉर्पियो से अगवा किए गए मोहित को 24 घंटे में सकुशल बरामद कर चार आरोपियों को वाहन सहित गिरफ्तार किया।
Aligarh News
Aligarh News: थाना लोधा पुलिस ने अपहरण और मारपीट के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अपहृत युवक मोहित को सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वादी की तहरीर पर थाना लोधा में मुकदमा संख्या 233/2026 धारा 191(2), 115(2), 352, 333, 351(2), 140(1), 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि कुछ लोगों ने एकराय होकर वादी के दोस्त मोहित के साथ मारपीट और गाली-गलौज की तथा जबरन स्कॉर्पियो में बैठाकर उसे अपने साथ ले गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना लोधा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना जवां क्षेत्र से चारों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरुण, गोपाल, मनिन्द्र और प्रथम के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो भी बरामद कर ली। साथ ही अपहृत मोहित को सकुशल मुक्त कराकर उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी मनिन्द्र के खिलाफ पहले से भी एक आपराधिक मुकदमा दर्ज है। पुलिस आरोपियों के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।इस पूरी कार्रवाई को थाना लोधा के प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार मलिक के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है। कि जिले में अपहरण, मारपीट और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।