Aligarh News: बाल विवाह की सूचना मिलने पर पुलिस ने रोकी नाबालिग लड़की की शादी

Aligarh News: अलीगढ़ के क्वार्सी क्षेत्र में बाल विवाह की सूचना पर एएचटी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग लड़की को सुरक्षित रेस्क्यू किया। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

Update:2026-06-26 20:11 IST

Aligarh News

Aligarh News: जनपद में बाल विवाह रोकने को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी) थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देश पर चल रहे बाल भिक्षावृत्ति उन्मूलन, बालश्रम और बाल विवाह रोकथाम अभियान के अंतर्गत पुलिस टीम ने क्वार्सी क्षेत्र से एक नाबालिग बालिका को रेस्क्यू किया।

बताया गया कि एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग टीम को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका का विवाह कराया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया।इसके बाद बालिका को चाइल्ड लाइन टीम के सुपुर्द कर दिया गया, जहां से उसे आगे की देखभाल और आवश्यक कार्रवाई के लिए वन स्टॉप सेंटर अलीगढ़ भेजा गया।मामले में थाना क्वार्सी में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 की धारा 9/10 और बीएनएस की धारा 351(2) के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस अभियान का उद्देश्य बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकना और बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। पुलिस का कहना है कि जिले में बाल विवाह, बालश्रम और बाल शोषण से जुड़े मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।इस कार्रवाई में थाना एएचटी प्रभारी नीलम यादव, चाइल्ड केयर रेस्क्यू टीम की काउंसलर मंजू सिंह, केस वर्कर पूनम गौतम, सुपरवाइजर प्रियंका, थाना क्वार्सी के उपनिरीक्षक अरुण कुमार और कांस्टेबल शुभम कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Tags:    

Similar News