Aligarh News: अलीगढ़ में सेफ स्कूल ट्रांसपोर्ट अभियान शुरू, स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर प्रशासन सख्त
Aligarh News: अलीगढ़ में जिलाधिकारी अविनाश कुमार की पहल पर ‘सेफ स्कूल ट्रांसपोर्ट’ अभियान शुरू किया गया है।
Aligarh News
Aligarh News: जिलाधिकारी अविनाश कुमार की पहल पर अलीगढ़ जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही के लिए ‘सेफ स्कूल ट्रांसपोर्ट’ अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान का उद्देश्य स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और बच्चों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना है।शुक्रवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र अकराबाद में पुलिस अधीक्षक यातायात प्रवीण कुमार की अध्यक्षता में एक विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विद्यालय प्रबंधक, प्रधानाचार्य और ग्राम प्रधान बड़ी संख्या में शामिल हुए।
एसपी ट्रैफिक ने कहा कि निजी, शासकीय और अर्द्धशासकीय सभी स्कूलों में छात्रों का सुरक्षित एवं व्यवस्थित आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्कूलों में परिवहन सुरक्षा समिति गठित कर नियमित बैठकें करने के निर्देश दिए, ताकि बच्चे सड़क सुरक्षा नियमों और दुर्घटना बचाव के उपाय सीख सकें।सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवेश कुमार ने स्कूल प्रबंधकों से वाहनों की फिटनेस, फायर एक्सटिंग्विशर, फर्स्ट एड किट जैसे सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और चालक-परिचालकों का चरित्र सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटी सावधानियां बड़े हादसों को रोक सकती हैं।
अलीगढ़ जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पूरन सिंह ने माध्यमिक स्कूलों को निर्देश दिए कि परिवहन समिति की बैठक कर उसकी रिपोर्ट समय पर प्रशासन को भेजें। यातायात निरीक्षक ने ‘राहवीर योजना’ की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को एक घंटे के भीतर अस्पताल पहुंचाने वाले को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा और उससे कोई पूछताछ नहीं की जाएगी।अलीगढ़ जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने स्पष्ट किया कि “हर बच्चे की सुरक्षित घर वापसी हमारी जिम्मेदारी है।” प्रशासन की इस पहल को अभिभावकों और शिक्षा जगत से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। कार्यशाला का संचालन जिला व्यायाम प्रशिक्षक सुशील कुमार शर्मा ने किया।