Aligarh News: अलीगढ़ में आंधी-तूफान और लू का अलर्ट, डीएम अविनाश कुमार ने सतर्क रहने की अपील की

Aligarh News: अलीगढ़ में मौसम विभाग की चेतावनी के बाद डीएम अविनाश कुमार ने लोगों से आंधी, वज्रपात, तेज हवाओं और भीषण गर्मी के दौरान सतर्क रहने की अपील की।

Update:2026-05-28 16:49 IST

अलीगढ़ में आंधी-तूफान और लू का अलर्ट, डीएम अविनाश कुमार ने सतर्क रहने की अपील की (Photo- Newstrack)

Aligarh News: मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने जनपदवासियों से आंधी-तूफान, तेज हवाओं, वज्रपात, ओलावृष्टि, भीषण गर्मी और लू से बचाव के लिए विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। 28 मई 2026 को जारी सूचना में डीएम ने कहा कि बदलते मौसम को हल्के में न लें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। जिला प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भेजे गए हैं।

आंधी-तूफान के समय विद्युत उपकरण बंद रखें- डीएम

अलीगढ़ अविनाश कुमार डीएम ने कहा कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। आंधी-तूफान और तेज हवाओं के समय सभी विद्युत उपकरण बंद रखें। यात्रा के दौरान सुरक्षित स्थान पर रुकें और टिन शेड, होर्डिंग्स, जर्जर भवन, पेड़, मोबाइल टावर व बिजली के खंभों से दूरी बनाकर रखें। धातु की वस्तुओं का उपयोग न करें और पेड़ों के नीचे शरण न लें।

वज्रपात से बचाव के लिए पक्के भवन के अंदर रहें, बिजली के उपकरणों और तारों से दूर रहें तथा खुले मैदान, जलाशय और पेड़ों के नीचे खड़े न हों। खेतों में काम कर रहे किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

लू से बचने के लिए करें ये उपाय

भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए डीएम अविनाश कुमार ने लोगों से पर्याप्त पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और दोपहर में धूप में न निकलने को कहा। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। लू से बचने के लिए छायादार जगह पर रहें, बीच-बीच में विश्राम करें और ठंडे फल व पेय का सेवन करें।

अलीगढ़ डीएम अविनाश कुमार ने कहा कि मौसम की ताजा जानकारी रेडियो, टीवी, समाचार पत्र और आधिकारिक माध्यमों से लेते रहें। आपात स्थिति के लिए दवाइयां, टॉर्च, बैटरी और खाद्य सामग्री पहले से तैयार रखें। उन्होंने लोगों से इस चेतावनी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की ताकि संभावित आपदा में जनहानि और नुकसान न्यूनतम हो।

Tags:    

Similar News