Aligarh News: सुरक्षा को लेकर शुरू हुई विकासखंडवार बैठकें, अविनाश कुमार के निर्देश पर चला अभियान

Aligarh News: अलीगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विकासखंडवार बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। अविनाश कुमार के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है।

Update:2026-05-27 15:38 IST

Aligarh News(Photo-Social Media)

Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी अविनाश कुमार के निर्देश पर बुधवार से विकासखंड स्तर पर सड़क सुरक्षा जन-जागरूकता बैठकों का सिलसिला शुरू हो गया है। इस अभियान का मकसद विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और स्कूल वाहनों की सुरक्षा मानकों पर कड़ी निगरानी रखना है।

अलीगढ जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पूरन सिंह ने बताया कि इन बैठकों में विद्यालय प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों, ग्राम प्रधानों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सड़क सुरक्षा संबंधी जरूरी दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। हर विकासखंड में परिवहन सुरक्षा समिति के गठन पर जोर दिया जा रहा है ताकि स्कूल आने-जाने वाले बच्चों के लिए सुरक्षित व्यवस्था बनाई जा सके। साथ ही विद्यालयों में चलने वाले वाहनों की फिटनेस, ड्राइवरों के दस्तावेज, गति सीमा और ओवरलोडिंग की नियमित जांच कराने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

अभियान के तहत विद्यार्थियों को हेलमेट, सीट बेल्ट, जेब्रा क्रॉसिंग और सड़क पार करने के नियमों की जानकारी दी जा रही है। नुक्कड़ नाटक, पोस्टर और प्रार्थना सभा के माध्यम से बच्चों को ट्रैफिक सिग्नल और लापरवाही से होने वाले खतरों के बारे में समझाया जा रहा है। जिला प्रशासन का मानना है कि बच्चों को छोटी उम्र से ही यातायात के प्रति संवेदनशील बनाया जाए तो सड़क दुर्घटनाओं में बड़ी कमी लाई जा सकती है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगामी बैठकों की तिथियां तय कर दी गई हैं। अकराबाद में 29 मई, लोधा में 1 जून, खैर में 3 जून, टप्पल में 5 जून, इगलास में 8 जून, गोण्डा में 10 जून, अतरौली में 12 जून, बिजौली में 15 जून, गंगीरी में 17 जून, चण्डौस में 19 जून, जवां में 22 जून और नगर क्षेत्र में 24 जून को बैठकें होंगी। सभी बैठकें संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में दोपहर 12 बजे से आयोजित की जाएंगी।

अलीगढ जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी विद्यालय प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि वे अपने विकासखंड में निर्धारित तिथि पर बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल हों। अनुपस्थिति की स्थिति में कारण स्पष्ट करना होगा। प्रशासन का कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस या परिवहन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि स्कूल, अभिभावक और समाज सभी की साझा भागीदारी से ही बच्चों को सुरक्षित रास्ता दिया जा सकता है।

Tags:    

Similar News